रांची। झारखंड राज्य विधिक सेवा प्राधिकार के निर्देश पर जिला विधिक सेवा प्राधिकार रांची की ओर से 3 जून से 7 जून तक रांची सिविल कोर्ट में मोटर वाहन दुर्घटना के मामलों पर समझौता के लिए प्री लोक अदालत होनी है। वहीं 8 जून को विशेष लोक अदालत का आयोजन किया जाना है।
इसकी तैयारियों को लेकर रांची सिविल कोर्ट के न्यायायुक्त दिवाकर पांडेय की अध्यक्षता में न्यायिक पदाधिकारियों, इंश्योरेस कंपनी और अन्य हितधारकों के साथ बैठक की गयी। इसमें मोटर वाहन दुर्घटना अधिनियम से संबंधित मामलों को देखते हुए न्यायायुक्त ने निर्देश दिये। उन्होंने कहा कि आगामी विशेष लोक अदालत को सफल बनाने के लिए अधिक से अधिक वादों को चिह्नित कर पक्षकारों को नोटिस भेजें, ताकि झालसा के निर्देशानुसार संबंधित लंबित वादों को सफलतापूर्वक निपटाया जा सके और लोगों को न्याय मिल सके।