रांची। नाबालिग से दुष्कर्म मामले में आरोपी मिथुन महतो के मामले में पॉक्सो की विशेष अदालत ने फैसला सुनाया। अदालत ने मिथुन महतो को दोषी करार दिया। उसकी सजा के बिंदु पर अदालत 27 मई को सुनवाई करेगी। बता दें कि आरोपी मिथुन और नाबालिग पीड़िता दोनों एक मिठाई के दुकान में काम करते थे। उसी दौरान दोनों में दोस्ती हुई थी।
इसके बाद आरोपी ने नाबालिग से शारीरिक संबंध बनाया था। पीड़िता के परिजनो को इसकी जानकारी तब हुई जब वह गर्भवती हो गयी। मामले को लेकर नगड़ी थाना में आरोपी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करायी गयी। इसके बाद 19 फरवरी 2023 को पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। उसी समय से वह जेल में बंद है। ट्रायल के दौरान अभियोजन पक्ष ने 7 गवाह पेश किया था।