-सांसद से 15 साल के काम का हिसाब मांग रही जनता : संजय

गोड्डा। गोड्डा लोकसभा सीट से कांग्रेस (इंडिया गठबंधन) प्रत्याशी प्रदीप यादव के समर्थन कांग्रेस के पूर्व सांसद फुरकान अंसारी, राजद के पूर्व विधायक संजय यादव, राज्य हज समिति के सदस्य हाजी इकरारूल हसन आलम सहित अन्य नेताओं ने गोड्डा विधानसभा क्षेत्र के दर्जनों गांवों में जनसंपर्क अभियान चलाया। बाद में नेताओं ने जिला मुख्यालय पहुंचकर प्रेसवार्ता में पत्रकारों से बात की। पूर्व सांसद फुरकान अंसारी ने कहा कि गोड्डा सीट से गठबंधन के प्रत्याशी प्रदीप यादव की जीत पक्की है। गठबंधन एकजुट है। विपक्षी मतभेद की बात कहकर जनता में भ्रम फैला रहे हैं। उनकी साजिश सफल नहीं होने वाली है। हमारा लक्ष्य मोदी हटाओ और देश बचाओ है। पूर्व विधायक संजय यादव ने कहा कि इस बार जनता जागरूक हो चुकी और किसी के बहकावे में नहीं आनेवाली है। जनता सांसद से पिछले 15 साल का हिसाब मांग रही है।

राज्य हज समिति के सदस्य हाजी इकरारूल हसन आलम ने कहा कि इस बार जनता ने मोदी सरकार को हटाने का पक्का मन बना लिया है। देश में लोकतंत्र की रक्षा के लिए यह जरूरी भी है। उन्होंने दावा किया कि प्रदीप यादव की जीत भारी मतों से होगी और देश में इंडिया गठबंधन की सरकार बनेगी। इससे पूर्व इन नेताओं ने गावों में घूम-घूमकर लोगों से इंडिया गठबंधन प्रत्याशी के लिए वोट मांगा। नेताओं की टोली ने पूर्वी क्षेत्र के कई गांव में पहुंचकर लोगों को समझाया कि संविधान व आरक्षण की रक्षा और गरीबों-जरूरतमंदों के विकास के लिए मोदी सरकार को हटाना जरूरी है।

Share.

Comments are closed.

Exit mobile version