रांची। झारखंड के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने मंगलवार को नई दिल्ली में कांग्रेस सांसद और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी से मुलाकात की। इस मुलाकात को लेकर मंत्री ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर इसे अपने लिए प्रेरणादायक और आत्मविश्वास बढ़ाने वाला बताया। मंत्री डॉ. अंसारी के अनुसार, राहुल गांधी के साथ हुई यह बातचीत पूरी तरह से राज्य के विकास, स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार और जनता से जुड़े प्रमुख मुद्दों पर केंद्रित रही। उन्होंने बताया कि राहुल गांधी ने उन्हें लगातार जनता के बीच सक्रिय रहने और सामाजिक मुद्दों को मजबूती से उठाने की सलाह दी।
मुलाकात के दौरान राहुल गांधी ने महंगाई, बेरोजगारी, बढ़ती सामाजिक असमानता और गरीब वर्गों की समस्याओं जैसे मुद्दों पर गंभीर चिंता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि इन विषयों पर और अधिक प्रभावी तथा जनसरोकार आधारित संघर्ष की आवश्यकता है, ताकि आम लोगों की आवाज को राष्ट्रीय स्तर पर मजबूती मिल सके।
झारखंड सरकार के कार्यों पर भी इस बैठक में विस्तार से चर्चा हुई। स्वास्थ्य मंत्री ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के नेतृत्व में चल रहे विकास कार्यों और जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी राहुल गांधी को दी। उन्होंने राज्य में स्वास्थ्य क्षेत्र में किए जा रहे सुधारों, अस्पतालों के विस्तार और चिकित्सा सुविधाओं को बेहतर बनाने के प्रयासों का भी उल्लेख किया।
डॉ. इरफान अंसारी ने विशेष रूप से राज्य में स्वास्थ्य ढांचे को मजबूत करने के लिए चल रही योजनाओं की जानकारी साझा की। इसमें रिम्स-2 के निर्माण की योजना, नए मेडिकल कॉलेजों की स्थापना, ग्रामीण क्षेत्रों तक स्वास्थ्य सेवाओं का विस्तार और चिकित्सा व्यवस्था को आधुनिक बनाने के प्रयास शामिल रहे। उन्होंने बताया कि इन सभी परियोजनाओं पर एक विस्तृत रिपोर्ट भी राहुल गांधी को सौंपी गई।
मंत्री इरफान अंसारी के अनुसार, राहुल गांधी ने इन प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि झारखंड स्वास्थ्य क्षेत्र में सकारात्मक दिशा में आगे बढ़ रहा है और यह पहल राज्य के लिए महत्वपूर्ण साबित हो सकती है। बैठक के दौरान राहुल गांधी ने यह भी कहा कि आने वाले समय में देश को कई सामाजिक और आर्थिक चुनौतियों का सामना करना पड़ सकता है। ऐसे में जनता को जागरूक करना आवश्यक है। उन्होंने विशेष रूप से अल्पसंख्यक, पिछड़े और कमजोर वर्गों की समस्याओं को प्राथमिकता से उठाने और समाज के हर वर्ग की आवाज बनने की बात कही।
मुलाकात के अंत में राहुल गांधी ने डॉ. अंसारी को सलाह दी कि वे जनता के बीच लगातार सक्रिय रहें, निडर होकर अपनी बात रखें और जनहित के मुद्दों पर संघर्ष जारी रखें। उन्होंने यह भी कहा कि वह इस प्रयास में उनके साथ हैं और किसी भी तरह की राजनीतिक दबाव या धमकियों से डरने की आवश्यकता नहीं है।



