-झारखंड की सरकार भ्रष्टाचार में लिप्त
रांची। सांसद संजय सेठ ने कहा कि आज जिस प्रकार इंडी गठबंधन के सरकार के एक मंत्री के आप्त सचिव के घर से जिस तरह रुपये बरामद हुए हैं, यह झारखंड को फिर से शर्मसार किया है। झारखंड के लिए यह बहुत ही दुर्भाग्य की बात है कि पूर्व मुख्यमंत्री जमीन घोटाले में जेल में है। उनके अधिकारी मनी लांड्रिंग के केस में जेल में हैं। मंत्री आलमगीर आलम के आप्त सचिव के यहां 30 करोड़ से अधिक नकदी बरामद होती है।
श्री सेठ ने कहा कि झारखंड इकलौता राज्य है, जहां भ्रष्टाचार की सालगिरह मनायी जाती है। 2 साल पहले आज ही के दिन देश ने भ्रष्टाचार की पूजा देखी थी, आज देश भ्रष्टाचार का आलम देख रहा है। झारखंड में लूट तंत्र की सरकार चल रही है। झारखंड की सरकार ने यहां की गरीब जनता की जमीन लूटी, उनका हक छीना। सेना की जमीन लूटी। खनिज संपदा को लूटा, और तो और यहां के बालू तक को लूट कर अपनी तिजोरी भर ली। वहीं एक ओर नरेंद्र मोदी गरीब के मसीहा हैं, जिन्होंने अभी तक 25 करोड़ लोगों के जीवन में परिवर्तन लाया।
इसलिए झारखंड को बचाने के लिए नरेंद्र मोदी को प्रधानमंत्री बनायें। झारखंड में लोकतंत्र के नाम पर लूट तंत्र चल रहा है। सांसद सेठ ने सरकार से मांग करते हुए कहा कि इसकी निष्पक्ष जांच हो और मंत्री आलमगीर आलम को अविलंब गिरफ्तार किया जाये। इस लोकसभा और विधानसभा के चुनाव में झारखंड की जनता इन्हें मुंहतोड़ जवाब देगी। जिन्होंने झारखंड को पूरे देश में बदनाम करने का काम किया है।