रांची। झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) ने राज्य की चार लोकसभा सीटों पर हुई वोटिंग के बाद दावा किया कि इंडिया गठबंधन के प्रत्याशियों की जीत इन सीटों पर तय है। मोर्चा के राष्ट्रीय प्रवक्ता सुप्रियो भट्टाचार्य ने कहा कि लोकतंत्र के महापर्व लोकसभा चुनाव 2024 के चौथे चरण में राज्य के चार लोकसभा क्षेत्र सिंहभूम, खूंटी, लोहरदगा एवं पलामू में मतदान संपन्न हो गया है। मतदान के पश्चात यह स्पष्ट हो गया कि इंडिया गठबन्धन के झारखंड मुक्ति मोर्चा, कांग्रेस और राजद के प्रत्याशियों की जीत सुनिश्चित हो गई है। सुप्रियो भट्टाचार्य ने कहा कि 4 चरणों में होने वाले राज्य के 4 लोकसभा में आज हुए मतदान से साफ हो गया कि आगामी 10 लोकसभा क्षेत्रों का परिणाम क्या होगा। भट्टाचार्य ने कहा कि बीजेपी पहले चरण के बाद ही अबकी बार 400 पार का नारा भूल चुकी है। अब बीजेपी और पीएम मोदी का सारा फोकस कांग्रेस व अन्य विपक्षी दलों के आलोचना पर रहता है। पाकिस्तान और हिंदू-मुसलमान जैसे अनुचित मुद्दों पर रहता है। जनता इनके खोखलेपन को समझ चुकी है। उन्होंने कहा कि सभी जगह बीजेपी के प्रति क्रोध एवं असंतोष देखने को मिल रहा है। मतदाता अपने मत से इसे व्यक्त कर रहे हैं। झारखंड राज्य की स्मिता, न्याय, संविधान और लोकतंत्र को बचाने का जो संघर्ष शुरू हुआ, वह निर्णायक होगा। आदिवासी-मूलवासी, दलित-पिछड़े एवं अल्पसंख्यक जन समूह के साथ हो रहे खिलवाड़ और अत्याचार पर रोक लग जायेगी। चारों लोकसभा क्षेत्रों के प्रबुद्ध मतदाताओं को बहुत-बहुत बधाई औऱ आभार।
Palamu Division
Kolhan Division
Subscribe to Updates
Get the latest creative news from FooBar about art, design and business.
© 2026 AzadSipahi. Designed by Launching Press.



