रांची। सीता सोरेन और दुर्गा सोरेन की बेटी जयश्री सोरेन ने अपनी चाची और झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की पत्नी कल्पना सोरेन पर बड़ा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि कल्पना सोरेन कहती हैं- झारखंड झुकेगा नहीं, लेकिन भ्रष्टाचार करके आप लोग ही झारखंड को झुका रहे हैं।
सीता सोरेन की बेटी जयश्री बोली- झामुमो चला रहा गुंडाराज
जयश्री सोरेन ने बृहस्पतिवार (23 मई) को अपनी मां सीता सोरेन के साथ दुमका में प्रेस कॉन्फ्रेंस में ये बातें कहीं। पत्रकारों को संबोधित करते हुए जयश्री ने कहा कि झारखंड में झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के नेता और कार्यकर्ता गुंडाराज चला रहे हैं। लेकिन, उनका गुंडाराज ज्यादा दिनों तक चलने वाला नहीं है। झामुमो के गुंडों को भी यह बात समझ आ गयी है।
झामुमो के गुंडों ने की थी ईंट-पत्थरों से हमले की तैयारी : जयश्री
जयश्री ने आरोप लगाया कि टेसजुड़िया गांव में झामुमो के वरिष्ठ नेता और उनके समर्थकों ने उन पर (जयश्री और उनकी बहन पर) हमले की तैयारी कर रखी थी। ईंट-पत्थर के साथ रास्ते में भीड़ जमा थी। भीड़ देख कर हमें इसका अंदेशा हो गया और हम वहां से लौट गये। हमारे साथ झारखंड के पूर्व मंत्री और भाजपा नेता सत्यानंद झा बाटुल भी थे।
मेरी चाची ने रची थी हम पर हमले की साजिश : सीता सोरेन की बेटी
दुर्गा सोरेन और सीता सोरेन की बेटी जयश्री ने कहा कि हमें इस बात की पक्की जानकारी मिली है कि वहां मौजूद भीड़ झामुमो कार्यकर्ताओं की थी। जयश्री ने यह भी कहा कि हमें जानकारी मिली है कि ये सारी साजिश हमारी चाची ने रची थी, जो झामुमो चला रही हैं। जयश्री ने कहा कि मुझे नहीं मालूम क ये लोग क्या करना चाहते हैं।