रांची। भगवान बुद्ध के जन्मोत्सव पर गोरखा चौक स्थित भगवान बुद्ध के मंदिर में छोटानागपुर बौद्ध सोसाइटी द्वारा जयंती मनायी गयी।
पूरे विधि विधान के साथ 10.30 बजे से दार्जिलिंग से पधारे लामाओं द्वारा सभी कार्य संपन्न कराये गये। इसमें मंत्री डॉ रामेश्वर उरांव, कांग्रेस नेता आलोक कुमार दुबे, लालकिशोर नाथ शाहदेव, डॉ राजेश गुप्ता छोटू, रोहित उरांव, मेहुल दूबे शामिल हुए।

रामेश्वर उरांव ने कहा कि दुनिया अगर आज भी भगवान बुद्ध के उपदेशों का पालन करे, तो कहीं भी हिंसा नहीं होगी। जहां बुद्ध के मानने वाले लोग होते हैं, वे करुणा का भाव रखते हैं। संकल्प लेते हैं कि हम बुद्ध के विचारों को आत्मसात करेंगे।

कांग्रेस नेता आलोक कुमार दुबे ने कहा कि गौतम बुद्ध महान व्यक्ति थे, जिन्होंने पूरे संसार को शांति और अहिंसा का मार्ग दिखाया था। लाल किशोर नाथ शाहदेव ने कहा कि जब समाज में अत्याचार, अनाचार, अशांति, अज्ञान अंधविश्वास और रुढियां जड़ जमा लेती हैं, तो कोई न कोई महापुरुष समाज में इन कुरीतियों को दूर करने के लिए जन्म लेता है। महात्मा बुद्ध भी ऐसे ही काल में पैदा हुए थे। डॉ राजेश गुप्ता छोटू ने कहा कि भगवान बुद्ध हमें सत्य, धार्मिकता और करुणा का जीवन जीने का संदेश देते हैं। मौके पर एसके तमांग, सुमन प्रधान, धीरज राय, ज्योति राय, नवनीत प्रधान, परिणीता लामा, रत्नावती सपना राय समेत अन्य मौजूद थे।

Share.

Comments are closed.

Exit mobile version