भाजपा ने कांग्रेस की गलतबयानी के लिए माफी मांगने को कहा
नोटों का पहाड़ मिलने के बाद भी खामोशी क्यों
क्या आलमगीर आलम से इस्तीफा देंगे
रांची। भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता प्रतुल शाहदेव ने मारू टावर स्थित मीडिया सेंटर में कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे से झारखंड यात्रा के दौरान सार्वजनिक रूप से विभिन्न मुद्दों पर गलतबायनी करने के लिए माफी मांगने की मांग की। पत्रकारों से बात करते हुए कहा कि कांग्रेस के महाराष्ट्र प्रदेश अध्यक्ष नाना पटोले ने राम मंदिर का शुद्धिकरण करने की बात को कहकर कांग्रेस के आदिवासी-ओबीसी विरोधी रवैया को दिखा दिया है। एक आदिवासी बेटी राष्ट्रपति पद पर और एक पिछड़ा समाज से प्रधानमंत्री, इनको पच नहीं रहा है। राम मंदिर के शुद्धिकरण की बात कर रहे हैं और वह भी तब जब हाल ही के दिनों में राष्ट्रपति द्रोपति मुर्मू ने वहां की यात्रा की थी और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी प्राण प्रतिष्ठा में यजमान के रूप में शरीक हुए थे। सरना धर्म कोड पर मल्लिकार्जुन खड़गे से जानना चाहा कि जब तत्कालीन सांसद सुदर्शन भगत ने 22 अगस्त 2013 को पत्र लिखकर सरना धर्म कोड को लागू करने की मांग की थी। आदिवासी कल्याण मंत्री वी किशोर चंद्रदेव ने 11 फरवरी को जवाब देते हुए कहा था कि सरना धर्म कोड लागू करना प्रैक्टिकल नहीं है। आज कांग्रेस सरना धर्म कोड लागू करने की मांग कर रही है।
कांग्रेस रामद्रोही है
प्रतुल शाहदेव ने कहा कि कांग्रेस रामद्रोही है। यूपीए की तत्कालीन सरकार ने 13 सितंबर 2007 में मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्री राम के अस्तित्व को सर्वोच्च न्यायालय में एफिडेविट करके नकारा था और रामायण को एक काल्पनिक ग्रंथ बताया था। कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष को इस मुद्दे पर भी अपनी झारखंड यात्रा के दौरान माफी मांगनी चाहिए।
पूरी सरकार भ्रष्टाचार में डूबी है
प्रतुल शाहदेव ने कहा कि कांग्रेस के मंत्री आलमगीर आलम के निजी सचिव के नौकर के घर से नोटों का पहाड़ निकला। क्या पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे इस मुद्दे पर अपनी खामोशी तोड़ेंगे। जांच पूरी होने तक आलमगीर आलम से इस्तीफा लेंगे। प्रतुल ने कहा कि पूरी की पूरी गठबंधन सरकार भ्रष्टाचार में डूबी है। मौके पर अशोक बड़ाइक, तारिक इमरान उपस्थित थे।