धनबाद। धनबाद के तोपचांची थाना क्षेत्र के तोपचांची बाजार स्थित नेशनल हाईवे पर आज सुबह दर्दनाक हादसा हुआ। दरअसल राज बस मुजफ्फरपुर से कोलकाता जा रही थी। इसी दौरान चलती ट्रक में टक्कर मार दी। इस हादसे में बस चालक की घटनास्थल पर ही मौत हो गयी। बस में सवार दर्जनों यात्री घायल हो गये। मृतक ब्रजेश कुमार के रूप में हुई है। जो बिहार के वैशाली जिले का रहने वाला था। तोपचांची पुलिस बस को जब्त कर थाना ले आयी और जांच-पड़ताल में जुटी है।
गंभीर रूप से घायल यात्रियों को एसएनएमएमसीएच भेजा गया
घटना के बारे में बताया जा रहा है कि राज बस बिहार के मुजफ्फरपुर से कोलकाता जा रही थी। तोपचांची के समीप ओवरटेक करने के दौरान बस ने एनएच में चलती ट्रक को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। जिससे बस चालक की मौत हो गयी। जबकि 15 यात्री घायल हो गये। सभी यात्रियों को आनन-फानन में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया। जहां गंभीर रूप से घायल यात्रियों को एसएनएमएमसीएच रेफर कर दिया गया।
दो घंटे तक बस में फंसा रहा ड्राइवर
जानकारी के अनुसार, बस और ट्रक की टक्कर के बाद बस जाकर डिवाइडर में फंस गयी। एनएच कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद बस को बाहर निकाला। वहीं बस चालक ब्रजेश कुमार महतो भी करीब दो घंटे तक बस में ही फंसा रहा। जिससे उसकी मौत हो गयी।