रांची। राजधानी रांची में रविवार को दोपहर दो बजे के बाद झमाझम बारिश हुई। कुछ जगहों पर ओले भी पड़े। इसके कारण तापमान में गिरावट दर्ज की गयी। बारिश के कारण मौसम सुहाना हो गया। राज्य में 25 मई तक गरज के साथ हल्की बारिश के आसार हैं। झारखंड के पूर्वी, दक्षिणी और निकटवर्ती मध्य भागों में 20 और 21 मई को कहीं-कहीं गरज के साथ हल्की बारिश हो सकती है। मौसम विभाग के अनुसार 22 मई को भी राज्य के कुछ स्थानों पर गर्जन के साथ बारिश के आसार हैं। 23 मई को राज्य के पूर्वी, दक्षिणी और निकटवर्ती मध्य भागों में गरज के साथ हल्की बारिश की संभावना है। मौसम विभाग ने राज्य में बारिश और वज्रपात को लेकर येलो अलर्ट जारी किया है। साथ ही 20, 21 और 22 मई को गरज के साथ बारिश, वज्रपात और तेज हवाएं चलने की आशंका जतायी है। हवा की रफ्तार 30 से 40 किलोमीटर प्रतिघंटा हो सकती है। 20 मई को गढ़वा, पलामू, देवघर, जामताड़ा, दुमका, गोड्डा, पाकुड़ और साहिबगंज में कहीं-कहीं हीट वेब की स्थिति देखी जा सकती है।