40 से 50 किमी प्रतिघंटे की रफ्तार से चलेगी हवा
दो-तीन दिन में चार से छह डिग्री तक तापमान में गिरावट
रांची। झारखंड में पड़ रही भीषण गर्मी से राहत की उम्मीद है। मौसम विभाग ने 6 और 7 मई को आंधी के साथ वज्रपात होने की संभावना जतायी है। 7 मई को ओले पड़ने की संभावना जतायी गयी है। रामगढ़, बोकारो, धनबाद, जामताड़ा, दुमका, देवघर जिले में कहीं-कहीं ओला पड़ने की आशंका है। विभाग के अनुसार अगले दो से तीन दिनों में तापमान में धीरे-धीरे 4 से 6 डिग्री की गिरावट हो सकती है। 6 मई को राज्य के उत्तर पूर्वी और दक्षिण पूर्वी भाग में कहीं-कहीं गर्जन के साथ हल्की बारिश होने की संभावना है। इसका प्रभाव देवघर, धनबाद, दुमका, गिरिडीह, गोड्डा, जामताड़ा, पाकुड़, साहिबगंज, पूर्वी सिंहभूम, पश्चिमी सिंहभूम, सरायकेला, सिमडेगा जिलों में पड़ने की संभावना है।

मौसम विभाग के अनुसार 7 से 9 मई तक कई स्थानों पर गर्जन के साथ हल्की से मध्यम दर्जे की बारिश हो सकती है। हवा की गति 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटा होने की संभावना है। राज्य में कुछ स्थानों पर 10 मई को भी बारिश होगी। 11 मई को राज्य में कहीं-कहीं गर्जन के साथ हल्की बारिश होने की संभावना है। 6 मई को राज्य के उत्तर पूर्वी और दक्षिण पूर्वी भागों में कहीं-कहीं गर्जन और तेज हवा का झोंका चलने के साथ वज्रपात होने की आशंका है। हवा की गति 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटा रहने की संभावना है।

रांची का तापमान 39 डिग्री
राजधानी रांची में 6 मई को अधिकतम तापमान 39 डिग्री और न्यूनतम तापमान 23 डिग्री रहेगा। वहीं 7 मई को अधिकतम तापमान 36 डिग्री और न्यूनतम तापमान 23 डिग्री रहने की संभावना है। 8 और 9 मई को 34 और 23 डिग्री रहने की संभावना है। 7, 8 और 9 मई को हल्के से मध्यम दर्जे की बारिश और बादल छाये रहने की संभावना है।

 

Share.

Comments are closed.

Exit mobile version