रांची। झारखंड ठंड की गिरफ्त में आने लगा है। राजधानी रांची सहित राज्य के विभिन्न जिलों में न्यूनतम तापमान में गिरावट दर्ज की जा रही है। रांची में रविवार की तुलना में सोमवार को न्यूनतम तापमान में दो डिग्री सेल्सियस की कमी दर्ज की गई। रविवार को रांची में न्यूनतम तापमान 20 डिग्री था, जो सोमवार को गिरकर 18.2 डिग्री दर्ज किया गया।
वहीं जमशेदपुर में रविवार को 22.5 डिग्री की तुलना में सोमवार को न्यूनतम तापमान 20 डिग्री रहा, डालटेनगंज में 21.3 डिग्री की तुलना में 18.5 डिग्री, बोकारो में 22.2 डिग्री की तुलना में 19.1 डिग्री और चाईबासा में रविवार को 20.4 डिग्री की तुलना में सोमवार को न्यूनतम तापमान 23.6 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया।
वही सोमवार को रांची और आसपास के इलाकों में सुबह से मौसम साफ रहा। सुबह में लोगों को हल्की ठंड महसूस हुई लेकिन दिन चढ़ने के साथ ही धूप में गर्मी महसूस की गई।
मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में राज्य भर में मौसम साफ रहने की संभावना जताई है। वहीं पिछले 24 घंटे के दौरान राज्य के विभिन्न इलाकों में हल्की बारिश दर्ज की गई। इस दौरान राज्य में सबसे अधिक तापमान जगरनाथपुर में 33.9 डिग्री और सबसे कम तापमान लातेहार में 19 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया।
सोमवार को रांची में अधिकतम तापमान 26.4, डिग्री, जमशेदपुर में 31.8, डालटेनगंज में 31 डिग्री, बोकारो में 28.1 डिग्री और चाईबासा में अधिकतम तापमान 30.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।

