मॉब लिंचिंग के खिलाफ जल्द बने कानून: जीनल एन गाला
जीनल एन गाला ने कार्यकारिणी की बैठक में पार्टी के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को कई निर्देश दिये
रांची। झारखंड कांग्रेस अल्पसंख्यक विभाग की नवनियुक्त प्रभारी जीनल एन गाला रविवार को पहली बार झारखंड पहुंचीं। रांची पहुंचने पर बिरसा मुंडा एयरपोर्ट और प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में पारंपरिक तरीके से उनका स्वागत किया गया। मूल रूप से मुंबई (महाराष्ट्र) से ताल्लुक रखने वाली जीनल एन गाला खुद आदिवासी नृत्य-संगीत पर थिरकती नजर आयीं।
कांग्रेस अल्पसंख्यक विभाग की प्रदेश कार्यकारिणी की बैठक
झारखंड प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में जीनल एन गाला ने झारखंड प्रदेश कांग्रेस के अल्पसंख्यक विभाग के चेयरमैन मो मंजूर अंसारी, अल्पसंख्यक विभाग के राष्ट्रीय सचिव अनवर अंसारी की उपस्थिति में कार्यकारिणी की बैठक की। इस दौरान उन्होंने कार्यकर्ताओं से कहा कि संगठन को मजबूत करने के लिए जनसमस्याओं को प्रमुखता से उठायें और समस्याओं का समाधान करायें। उन्होंने अल्पसंख्यक विभाग में महिलाओं की कम सक्रियता पर आश्चर्य जताते हुए अल्पसंख्यक विभाग के सभी जिलाध्यक्षों और प्रदेश पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि वह आधी आबादी की भागीदारी बढ़ायें। झारखंड कांग्रेस अल्पसंख्यक विभाग की नवनियुक्त प्रभारी जीनल एन गाला ने कहा कि उन्हें जानकारी मिली है कि झारखंड में मॉब लिंचिंग की घटनाएं काफी होती हैं। उन्होंने कहा कि यह एक गंभीर समस्या है और इसे रोकने के लिए कठोर मॉब लिंचिंग कानून बनाने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि जरूरत पड़ी तो इस मुद्दे पर वह मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से भी मुलाकात करेंगी।
मिल बैठकर पारसनाथ मुद्दा का रास्ता निकाला जायेगा: गाला
झारखंड कांग्रेस अल्पसंख्यक विभाग की प्रदेश प्रभारी जीनल एन गाला ने कहा कि वह खुद जैन धर्मावलंबी हैं। उन्होंने कहा कि पारसनाथ की पहाड़ी को लेकर आदिवासी समुदाय और जैन समुदाय के बीच मिल बैठकर सर्वमान्य रास्ता निकाला जायेगा।