रांची। झारखंड के 11 जिलों में एक और दो जून को गर्जन के साथ बारिश होने की संभावना है। यह जानकारी मौसम विभाग ने शनिवार को दी है। विभाग के अनुसार जिन 11 जिलों में बारिश की संभावना है उनमें राज्य के उत्तर- पूर्वी जिलों देवघर, धनबाद, दुमका, गिरिडीह, गोड्डा, जामताड़ा, पाकुड़ और साहेबगंज और दक्षिणी जिले पूर्वी सिंहभूम, पश्चिमी सिंहभूम, सिमडेगा तथा सरायकेला-खरसावां शामिल है।

पिछले 24 घंटे के दौरान राज्य में सबसे अधिक बारिश सरायकेला-खरसावां के चांडिल में 48.2 मिमी रिकॉर्ड की गई। वहीं राज्य में सबसे अधिक अधिकतम तापमान डालटेनगंज में 37.6 डिग्री और सबसे कम न्यूनतम तापमान 22.2 डिग्री सेल्सियस लातेहार में रिकॉर्ड किया गया। शनिवार को रांची और आसपास के इलाकों में मौसम साफ रहा और कड़ी धूप रही। दिन में गर्मी और उमस महसूस किया गया। रांची में अधिकतम तापमान 34 डिग्री, जमशेदपुर में 36.5, डालटेनगंज में 37.8, बोकारो में 34.1 और चाईबासा में तापमान 35.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।

Share.

Comments are closed.

Exit mobile version