धनबाद। धनबाद जिले के टुंडी प्रखंड क्षेत्र में एक बार फिर जंगली हाथियों के झुंड ने भारी तबाही मचाई है। करीब 35 हाथियों का झुंड शनिवार देर रात जाताखुटी पंचायत के दालुगोड़ा गांव में घुस आया। हाथियों ने पहले स्कूल को क्षतिग्रस्त किया और वहां रखे मिड डे मील का अनाज खा गए। इसके बाद एक ग्रामीण के घर को तोड़ दिया।

अचानक हाथियों के हमले से गांव में अफरा-तफरी मच गई। लोग किसी तरह जान बचाकर घरों से भागे। सूचना मिलने पर मशालची पहुंचे और काफी मशक्कत के बाद हाथियों के झुंड को गांव से खदेड़ा गया। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है और ग्रामीण रातभर जागकर पहरा देने को मजबूर हैं।

टुंडी थाना क्षेत्र के जाताखुटी पंचायत स्थित दालुगोड़ा गांव में शनिवार देर रात करीब 35 जंगली हाथियों का झुंड घुस आया। हाथियों ने सबसे पहले रंगामाटिया स्कूल को निशाना बनाया। स्कूल का दरवाजा और दीवार तोड़कर हाथियों ने वहां रखे मिड डे मील का अनाज चट कर दिया।

इसके बाद हाथियों का झुंड गांव के निवासी रामलाल मुर्मू के घर पहुंचा और घर को पूरी तरह क्षतिग्रस्त कर दिया। उस समय घर के सभी सदस्य सो रहे थे। अचानक हाथियों के घर में घुसने से परिवार में चीख-पुकार मच गई। महिलाएं बच्चों को गोद में लेकर किसी तरह जान बचाकर बाहर भागीं।

पीड़ित रामलाल मुर्मू और उनकी पत्नी चंदौली मुर्मू ने बताया कि इसी साल जनवरी महीने में भी हाथियों ने उनका घर तोड़ दिया था। उस नुकसान से परिवार अभी उबर भी नहीं पाया था कि एक बार फिर हाथियों ने घर उजाड़ दिया। घर में रखा करीब 10 से 12 मन धान और 4 से 5 मन चावल भी हाथी खा गए।

घटना की जानकारी मिलने के बाद मशालची मौके पर पहुंचे और मशाल जलाकर काफी देर तक हाथियों को गांव से बाहर खदेड़ने का प्रयास किया। फिलहाल ग्रामीणों में दहशत का माहौल है और लोग पूरी रात जागकर पहरा दे रहे हैं।

Share.

Comments are closed.

Exit mobile version