आजाद सिपाही संवाददाता
रांची। झामुमो महासचिव विनोद पांडेय ने भाजपा विधायक अनंत ओझा के उस बयान पर पलटवार किया है जिसमें उन्होंने कहा है कि भाजपा की वर्चुअल रैली से कांग्रेस और झामुमो परेशान है। श्री पांडेय ने कहा कि हेमंत सरकार की उपलब्धियों से भाजपा परेशान है इसलिए केंद्र सरकार की नाकामियों का डंका उपलब्धियां बताकर पीट रही है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार की सबसे बड़ी नाकामी यह रही कि इसने हर अवसर को भयंकर समस्या में बदला। कोरोना संकट में केंद्र सरकार की नीतियों के कारण देशभर में बारह करोड़ लोग बेरोजगार हुए। लाखों लोग पलायन को मजबूर हुए और अपने गांव-घर लौटते हुए सैकड़ों लोग मारे गये। भाजपा ने मजदूरों की बेबसी का फायदा उठाते हुए न सिर्फ श्रम कानूनों में परिवर्तन किया बल्कि उनके काम के घंटे भी बढ़ा दिये। केंद्र सरकार के जनविरोधी निर्णयों से देश और झारखंड की जनता भली-भांति परिचित हो चुकी है। समय आने पर जनता इसका जवाब देगी। उन्होंने कहा कि राज्य की हेमंत सरकार ने कोरोना संकट में जहां देश में सबसे पहले श्रमिकों के लिए ट्रेन चलाने की मांग की बल्कि मजदूरों को एयरलिफ्ट कराकर इतिहास रच दिया। इसलिए भाजपा परेशान है।