दिल्ली पुलिस के पूर्व कमिश्नर और तीन राज्यों के राज्यपाल रहे वेद मारवाह का शुक्रवार रात गोवा में निधन हो गया। उन्होंने मापुसा के असिलो अस्पताल में अंतिम सांस ली। वह 87 वर्ष के थे। उनके निधन पर उप राष्ट्रति एम. वेंकैया नायडू और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने दुख व्यक्त किया है।
उप राष्ट्रति एम. वेंकैया नायडू ने वेद मारवाह के निधन पर शनिवार को शोक प्रकट करते हुए कहा कि मणिपुर, मिजोरम, झारखंड के भूतपूर्व राज्यपाल व दिल्ली पुलिस के पूर्व कमिश्नर वेद मारवाह के निधन की खबर से दुखी हूं। एक सक्षम और कर्तव्यनिष्ठ अधिकारी के रूप में आपकी ख्याति रही। शोक संतप्त परिजनों के प्रति मेरी संवेदनाएं। ईश्वर उनकी आत्मा को शांति प्रदान करें। मेरी श्रद्धांजलि।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने ट्वीट कर लिखा, ‘वेद मारवाहजी को सार्वजनिक जीवन में उनके समृद्ध योगदान के लिए याद किया जाएगा। उनका अटूट साहस हमेशा एक आईपीएस अधिकारी के रूप में उनके करियर के दौरान बना रहा। वे एक प्रसिद्ध सार्वजनिक बौद्धिक व्यक्ति भी थे। उनके निधन से पीड़ा हुई। उनके परिवार और प्रशंसकों के प्रति संवेदना। शांति।’
इससे पहले वेद मारवाह के निधन की सूचना देते हुए गोवा डीजीपी ने ट्वीट कर लिखा, ‘हम पुलिस बल के महान नेता के चले जाने से अत्यंत दुखी हैं। उन्होंने चुनौतियों के समय पुलिस बल का नेतृत्व किया। उनके परिवार के साथ हमारी संवेदनाएं हैं।’
उल्लेखनीय है कि वेद मारवाह 1985 से 1988 तक दिल्ली पुलिस कमिश्नर रहे। इसके बाद उन्होंने 1988 से 1990 के बीच राष्ट्रीय सुरक्षा गार्ड (एनएसजी) के तीसरे महानिदेशक के तौर पर अपनी सेवाएं दी थीं। वह 1999 से 2000 तक मणिपुर, 2000 से 2001 तक मिजोरम और 12 जून 2003 से 9 दिसंबर, 2004 तक झारखंड के राज्यपाल रहे।