एआइएमआइएम के राष्ट्रीय अध्यक्ष और सांसद असदुद्दीन ओवैसी आये रांची, लगाया खुला आरोप, कहा
आजाद सिपाही संवाददाता
रांची। एआइएमआइएम के राष्ट्रीय अध्यक्ष असदुद्दीन ओवैसी ने 10 जून को रांची में हुई हिंसा के लिए झारखंड सरकार और बीजेपी दोनों पर निशाना साधा है। राजधानी के मांडर विधानसभा सीट के लिए होनेवाले उपचुनाव के लिए चान्हो में आयोजित रैली को संबोधित करने के लिए ओवैसी रविवार की दोपहर रांची पहुंचे। बिरसा मुंडा एयरपोर्ट पर पत्रकारों से बात करते हुए उन्होंने कहा कि अगर भाजपा ने नूपुर शर्मा पर पहले ही कार्रवाई कर दी होती, तो रांची में इस तरह की घटना नहीं होती। राज्य सरकार को दो युवकों की मौत के लिए जिम्मेदार ठहराते हुए उन्होंने कहा कि जिस तरह निहत्थे युवकों को गोली मारी गयी, वह दुर्भाग्यपूर्ण है। राज्य सरकार को पीड़ित परिवार का ध्यान रखना चाहिए।
प्रशासन ने नहीं दी पीड़ित परिवारों से मिलने की इजाजत
ओवैसी ने कहा कि स्थानीय प्रशासन ने उन्हें दोनों पीड़ित परिवारों से मिलने की इजाजत नहीं दी है। धारा 144 का हवाला देते हुए उन्हें जाने से मना कर दिया, लेकिन उनकी कोशिश होगी कि वह पीड़ित परिवार से मुलाकात करें। उन्होंने कहा कि झामुमो के नेतृत्व में चल रही सरकार ने अभी तक दोषी पुलिसकर्मियों पर कोई कार्रवाई नहीं की है, सिर्फ घोषणा कर रही है। दो बच्चों की हत्या की गयी और सरकार मगरमच्छ के आंसू बहा रही है। दरअसल, 10 जून को रांची में हुई हिंसा के दौरान पुलिस को उपद्रवियों को कंट्रोल करने के लिए फायरिंग करनी पड़ी थी, जिसमें दो युवकों की मौत हो गयी थी।
कांग्रेस विधायक डॉ इरफान अंसारी को जम कर सुनायी खरी-खोटी
वहीं, जामताड़ा से कांग्रेस के विधायक डॉ इरफान अंसारी के संबंध में उन्होंने कहा कि कांग्रेस के विधायक कहते हैं कि अग्निपथ योजना में खून बहेगा, देश खून से होगा लथपथ। फिर इन बच्चों की लाशों का क्या करेंगे। आपने गोली चला दी इस्लाम जिंदाबाद के ऊपर। अब झूठा वीडियो निकला, तो उस पर गिरफ्तारी करते हैं। ओवैसी ने सीधे चुनौती देते हुए कहा कि अगर इरफान में हिम्मत है, तो उन्हें झारखंड आने से रोक कर दिखायें। वह खुद बेशर्मी की हद कर रहे हैं, उन्हें चुल्लू भर पानी में डूब मरना था। अगर कल भाजपा की सरकार आ जायेगी, तब वह उसमें आ जायेंगे। महज एक मंत्री के पद के लिए दो बच्चों की लाशों पर अपना सियासी माहौल बनाना चाहते हैं।
ओवैसी ने कहा कि फौज की नौकरी सम्मान की नौकरी होती है, पर केंद्र सरकार की अग्निपथ योजना में ऐसा कुछ नहीं है। उन्होंने कहा कि यह योजना भारत की सुरक्षा से खिलवाड़ है। आज जब फौज में एक लाख पद खाली हैं, तो 45 हजार लोगों को भर्ती करने का सरकार नाटक कर रही है। उन्होंने कहा कि चार साल की नौकरी में न तो ग्रेच्युटी मिलेगी और न अन्य लाभ। 10 प्रतिशत आरक्षण में भी पहले की सर्विस काउंट नहीं होगी। बता दें पूर्व मंत्री देव कुमार धान एआइएमआइएम के उम्मीदवार के रूप में मांडर से उपचुनाव लड़ रहे हैं। ओवैसी उन्हीं के चुनाव प्रचार में रांची पहुंचे हैं।
ओवैसी के समर्थन में एयरपोर्ट पहुंची भीड़ ने लगाये पाकिस्तान जिंदाबाद के नारे
रांची (आजाद सिपाही)। राजधानी के बिरसा मुंडा एयरपोर्ट पर एआइएमआइएम के राष्ट्रीय अध्यक्ष असदुद्दीन ओवैसी के स्वागत में आयी भीड़ ने पाकिस्तान जिंदाबाद के नारे लगाये। हालांकि, ओवैसी के बाहर निकलने से पहले ही लोगों को शांत करा लिया गया। इधर, रांची डीसी छवि रंजन ने हेहल सीओ और हटिया डीएसपी को मामले की जांच कर 24 घंटे में रिपोर्ट देने का निर्देश दिया है। दरअसल, ओवैसी भाजपा से निलंबित देवकुमार धान की चुनावी सभा को संबोधित करने रविवार को रांची पहुंचे थे। धान एआइएमआइएम के उम्मीदवार के रूप में मांडर से उपचुनाव लड़ रहे हैं।