बेगूसराय। भारत की संस्कृति और राष्ट्रवाद से पूरी दुनिया को रुबरु कराने वाले नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार ने नौ वर्ष पूरे कर लिए। सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण के इस नौ वर्षों में लोगों ने ना सिर्फ नरेन्द्र मोदी के दूरदर्शी विकासवादी सोच देखा। बल्कि दुनिया मानने लगी है कि सच में भारत विश्व गुरु है।
केंद्रीय ग्रामीण विकास और पंचायती राज मंत्री गिरिराज सिंह कहते हैं कि लोग सत्ता चलाते थे अहंकार में, लेकिन नरेन्द्र मोदी देश चला रहे हैं सेवा के भाव और सरोकार से। नरेन्द्र मोदी ऐसे प्रधानमंत्री के रूप में देश के सामने प्रदर्शित हुए जिनके कई चेहरे हैं, वे अगर बाहर से सख्त दिखते हैं तो अंदर से उतने ही नरम है। मोदी ने पूरी दुनिया में भारत को नई दिशा और दशा दिया, भारत को मजबूत राष्ट्र के रूप में स्थापित किया।
मोदी भारत के राष्ट्र भक्त के रूप में सुरक्षा को लेकर हमेशा सजग रहे। उन्होंने कहा था ना आंख झुकाकर बात करेंगे, ना आंख उठा कर बात करेंगे, आंख मिला कर बात करेंगे, इसे सच साबित किया। इस बार भी मोदी विदेश यात्रा पर गए तो अन्य यात्राओं की तरह ही झुके नहीं, बल्कि संबंधित राष्ट्राध्यक्ष को झुकाया। मोदी ने ग्लोबल लीडर के रूप में भारत को स्थापित किया। दुनिया में सबसे पसंदीदा नेता घोषित किए गए हैं।
विगत पखवाड़ा जारी किए गए ग्लोबल लीडर अप्रूवल रेटिंग में इस बार भी प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को टॉप पर जगह मिली है। सर्वे के अनुसार 78 प्रतिशत रेटिंग के साथ नरेन्द्र मोदी को दुनिया का सबसे लोकप्रिय नेता माना गया है। जबकि अमेरिका के राष्ट्रपति जो बाइडेन को छठा एवं ब्रिटेन के प्रधानमंत्री ऋषि सुनक को दसवां स्थान मिला है। नरेन्द्र मोदी ने दिखा दिया है कि विकास कैसे होता है, विदेश नीति कैसी होती है।
मोदी ने आत्मनिर्भर भारत का स्वरूप लोगों को दिखाया। जिसकी कल्पना भी नहीं की जाती थी। वैश्विक महामारी कोरोना आया तो भारत में ना वेंटीलेटर था, ना मास्क और ऑक्सीजन सिलेंडर सहित कोई उपकरण। मोदी ने पीएम केयर्स फंड की स्थापना कर तुरंत ही पूरे देश को वेंटिलेटर, मास्क सहित तमाम उपकरण देकर मदद किया। सिर्फ भारत ही नहीं वसुधैव कुटुंबकम के मूल मंत्र से दूसरे देश को भी खूब मदद की।
देश के तमाम जिलों में ऑक्सीजन जेनरेशन प्लांट लगवाया, जिससे भविष्य में भी ऐसे आपदा में परेशानी नहीं हो। वसुधैव कुटुंबकम का मंत्र भारत की अध्यक्षता में हो रहे जी-20 का मूल है। नरेन्द्र मोदी ने सबका साथ-सबका विकास-सबका विश्वास सिर्फ कहा नहीं, किया। राष्ट्र प्रथम के मंत्र से विकास का कदम बढ़ाया और नेक इरादे से किए गए सभी वादे पूरे किए।
गरीबों की सेवा और वंचितों का सम्मान किया। किसानों का कल्याण सुनिश्चित किया गया है। नारी शक्ति को और ताकतवर बनाया, भारत की अमृत पीढ़ी सशक्त हो रही है। मोदी सरकार ने मध्यम वर्ग का जीवन आसान किया, सभी के लिए सस्ती और सुलभ स्वास्थ्य सेवा उपलब्ध कराने के लिए बड़े कदम उठाए। राष्ट्र प्रथम से विदेश नीति और राष्ट्रीय सुरक्षा को मजबूत किया गया।
भारत वैश्विक आर्थिक महाशक्ति के रूप में दुनिया के सामने आया। ईज ऑफ डूइंग बिजनेस से अपने देश में कारोबार को पंख लग गए, भारत अब आयातक नहीं निर्यातक बन गया है। इंफ्रास्ट्रक्चर तेजी से बेहतर हो रहा है, टेक्नोलॉजी से भारत को नई शक्ति मिल रही है। नॉर्थ ईस्ट विकास का नया इंजन बन गया है, सांस्कृतिक धरोहरों का संरक्षण, पर्यावरण संरक्षण और जन-जन में जागरण की नई प्रेरणा मिली है।