लोहरदगा। राज्यपाल सीपी राधाकृष्णन मंगलवार को लोहरदगा पहुंचे। बॉर्डर पर प्रशासनिक अधिकारियों ने उनका गर्मजोशी के साथ स्वागत किया। उन्होंने लोहरदगा प्रखंड के भक्सो एवं रामपुर गांव में पहुंचकर वहां चल रही विकास योजनाओं का अवलोकन किया। साथ ही ग्रामीणों के साथ संवाद भी किया।

राज्यपाल ने ग्रामीणों से कहा कि गांव का विकास होगा तभी आप का विकास संभव है। सभी लोग मिलकर अपने गांव का विकास करें। इसमें किसी भी तरह की जरूरत हुई तो मैं हमेशा आपके लिए तत्पर हूं। इस दौरान ग्रामीणों ने उन्हें इलाके में सड़क, बिजली, पानी, सिंचाई की सुविधा जैसी समस्याओं से अवगत कराया। साथ ही कहा कि इनका समाधान लंबे अरसे से नहीं हुआ है।

राज्यपाल ने समस्याओं के निदान के लिए वहां मौजूद जिले के उपायुक्त डॉ प्रसाद कृष्ण वाघमारे से चर्चा की और उन्हें निर्देश दिया कि जो भी समस्याएं हैं उनके समाधान के लिए गांव में कैंप लगाएं। भक्सो गांव में पौधरोपण कार्यक्रम को देखकर राज्यपाल काफी प्रभावित हुए। उन्होंने कहा कि सरकार की बहुत सारी योजनाएं हैं। आप सबों को इन योजनाओं की जानकारी होनी चाहिए।

राज्यपाल ने महिलाओं का आह्वान करते हुए कहा कि आप अपने बच्चों को बेहतर शिक्षा दें। क्योंकि, शिक्षा से बढ़कर कोई भी धन नहीं है। इस मौके पर परिसदन भवन में राज्यपाल से लोहरदगा जिला के प्रबुद्ध लोगों ने भी मुलाकात की और कई मुद्दों पर चर्चा की। राज्यपाल सड़क मार्ग से लोहरदगा आए थे और सड़क मार्ग से ही लौट गए।

Share.

Comments are closed.

Exit mobile version