बेगूसराय। सुशासन, सेवा और गरीब कल्याण के लिए प्रतिबद्ध मोदी सरकार के गौरवशाली नौ वर्ष पूरा होने के उपलक्ष्य में भारतीय जनता युवा मोर्चा द्वारा निरंतर जारी महाजनसंपर्क अभियान के निमित आज चेरिया बरियारपुर के डॉ. बी.के. रॉय मेमोरियल हॉल में विधानसभा स्तरीय संयुक्त मोर्चा सम्मेलन एवं मन की बात कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए भाजयुमो के प्रदेश अध्यक्ष दुर्गेश सिंह ने कहा कि आगामी तमाम कार्यक्रमों में युवा मोर्चा की भूमिका प्रथम पंक्ति में होने की उम्मीद रखता हूं। उन्होंने बिहार सरकार के नाकामियों पर जम के निशाना साधा। दुर्गेश सिंह ने कहा कि बिहार की डबल इंजन सरकार बेपटरी हो चुकी है। विकास के नाम पर जनता को ठगने का कार्य कर रहे हैं मुख्यमंत्री और उपमुख्यमंत्री। दोनों की जोड़ी बिहार के विकास की उम्मीदों को गर्त में ले जा रही है।
केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नौ वर्ष के कार्यकाल में विकास की गति ने सभी रिकॉर्ड तोड़े हैं। आगामी कार्यकाल में भी ऐसे ही विकास कार्यों की झड़ी लगी रहेगी। जिस प्रकार से युवा मोर्चा अग्रणी भूमिका निभाते हुए मोदी सरकार के स्वर्णिम नौ वर्ष को जनता के बीच ले जा रही है। उसे निरन्तर जारी रखे तथा हर लाभार्थी से मिलकर यह सुनिश्चित करें कि आगे भी लाभार्थी बने रहने के लिए वे नरेन्द्र मोदी को ही प्रधानमंत्री बनाएं।
गुजरात से आए भाजयुमो के बिहार प्रभारी एवं राष्ट्रीय कार्यसमिति सदस्य रवि देसाई ने कहा कि नरेन्द्र मोदी के कार्यों के साथ कश्मीर के वर्तमान स्थिति की चर्चा किया। उन्होंने कहा कि आज कश्मीर के लोग प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को धन्यवाद देते हुए कहते हैं कि हर उन हाथों में किताबें दिखती है, जहां पहले पत्थर हुआ करते थे। युवा मोर्चा के कार्यक्रम की सराहना करते हुए उन्होंने कहा कि आने वाले 2024 के महासंग्राम में युवाओं की भूमिका अग्रणी रहेगी तथा भारतीय जनता पार्टी एकबार पुनः बहुमत से सरकार बनाएगी।
बेगूसराय विधायक कुंदन कुमार ने कहा कि प्रधानमंत्री ने मन की बात के माध्यम से हमेशा अपने सेवा कार्यों से जनता को सदैव ही अवगत कराया है। अपने संसदीय कार्यकाल में गिरिराज सिंह ने बेगूसराय की जनता के लिए जो कार्य किया है वह काबिले तारीफ है। बेगूसराय रिफाइनरी के कायाकल्प से लेकर सड़क निर्माण, आवास, जल एवं शौचालय जैसी तमाम योजनाओं को हर घर पहुंचाने का कार्य नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में संभव हो पाया है।