-योग से मन, चित और शरीर स्वस्थ रहता है : दीपक प्रकाश
रांची। भाजपा और पतंजलि योगपीठ के संयुक्त तत्वावधान में योग दिवस पर हरमू स्थित पटेल पार्क में शुक्रवार को कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में सांसद दीपक प्रकाश ने कहा कि हर दिन योग करना चाहिए। इससे मन, चित और शरीर स्वस्थ रहता है। कार्यक्रम के विशिष्ट अतिथि भाजपा के संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह थे। उन्होंने कहा कि यह बड़ी खुशी की बात है कि पार्कों में प्रतिदिन योग किया जा रहा है।
उन्होंने योग को दुनिया भर में फैलाने में प्रधानमंत्री की भूमिका की सराहना की। पतंजलि योगपीठ के झारखंड प्रभारी करम कोयरी ने कहा कि बीमार लोगों के लिए योग दवा है और स्वस्थ लोगों के लिए जीने की कला है। पूर्व मेयर आशा लकड़ा ने कहा कि यह महिलाओं के जीवन में आमूल चूल परिवर्तन लाता है। पतंजलि योगपीठ के मुख्य संरक्षक दीनदयाल बर्णवाल ने कहा कि 5000 साल पहले हमारे ऋषि-मुनि योग करते थे। यह एक वैज्ञानिक तरीका है, जिससे शरीर को स्वस्थ और मन को शांत रख सकते हैं। कार्यक्रम में दीनदयाल बर्णवाल, इंद्रजीत यादव, अरुण झा, बसंत मित्तल, इंद्रजीत यादव, दिलीप कुमार, प्रकाश गुप्ता, शशि शेखर सिंह समेत करीब 400 लोगों ने भाग लिया।