रांची। आने वाले एक-दो दिनों के दौरान राज्य के मौसम में बदलाव देखा जायेगा। अभी जहां कुछ हिस्सों में बारिश तो कुछ हिस्से में धूप और अन्य हिस्सों में बादल छाये हुए हैं। वहीं 25 जून से राज्य भर में बारिश का असर देखा जायेगा। मौसम विज्ञान केंद्र की मानें तो 25, 26 और 27 जून को राज्य के कई हिस्सों में बारिश होगी। इस दौरान उत्तर पूर्वी और दक्षिणी हिस्से में भारी बारिश को लेकर आॅरेंज अलर्ट जारी किया गया है। इसमें देवघर, दुमका, धनबाद, गिरिडीह, गोड्डा, जामताड़ा, पाकुड़, साहिबगंज, पूर्वी और पश्चिमी सिंहभूम, सिमडेगा, सरायकेला खरसावां जिला शामिल है। इन जिलों में तेज हवा के साथ थंडरिंग के लिए भी अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विज्ञान केंद्र की मानें, तो 27 जून से राज्य भर में बारिश की संभावना है। वहीं 28 और 29 जून को राज्य भर में बारिश होगी।

चार डिग्री तक गिरेगा तापमान
तापमान की बात करें तो आने वाले दिनों में तापमान में गिरावट दर्ज की जायेगी, जो तीन से चार डिग्री तक की होगी। वहीं, पिछले कुछ दिनों के दौरान तापमान में कमी महसूस की गयी है। मौसम विज्ञान केंद्र की मानें तो पिछले तीन दिनों के दौरान तापमान में पांच डिग्री तक की गिरावट हुई है।

वहीं, पिछले 24 घंटे के दौरान सबसे अधिक बारिश पश्चिमी सिंहभूम के कुमारडुंगी में 42.5 मिमी बारिश दर्ज की गयी। बुढ़मू रांची में 12 मिमी, बोरियो में 5.3 मिमी बारिश दर्ज की गयी। जानकारी हो कि राज्य के उत्तर पूर्वी हिस्से में मानूसन का आगमन हो गया है। मौसम विज्ञान केंद्र ने जानकारी दी है कि राज्य के पाकुड़ और साहिबगंज तक मानसून का प्रवेश हो गया है। ऐसे में आनेवाले एक दो दिनों में मानसून राज्य भर में फैल जायेगा।

Share.

Comments are closed.

Exit mobile version