-राज्य में सत्ता परिवर्तन ही अहम मुद्दा: बाउरी
-14 लोकसभा क्षेत्र में 6 से 15 जुलाई तक होगा विजय संकल्प
-20 जुलाई को होगी प्रदेश भाजपा की विस्तारित कार्यसमिति बैठक
रांची। भाजपा प्रदेश कार्यालय में बाबूलाल मरांडी की अध्यक्षता में बैठक हुई। इसमें प्रदेश संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह समेत अन्य मौजूद थे। बैठक में आगामी कार्यक्रमों की तैयारी, अभियान, 20 जून को प्रस्तावित कार्यसमिति बैठक, अभिनंदन सह विजय संकल्प सभा के संबंध में विस्तार से चर्चा हुई।
बाबूलाल मरांडी ने कहा कि राज्य की जनता ठगबंधन सरकार से त्रस्त है। जनता ने लोकसभा चुनाव में अपनी भावनाओं से अवगत करा दिया है। इंडी एलायंस के खिलाफ जनता ने मतदान किया। एनडीए को 9 सीट देकर प्रदेश की जनता ने तीसरी बार मोदी सरकार बनाने के अपनी बड़ी भूमिका निभायी है।
कहा कि भाजपा राज्य की जनता के प्रति आभारी है।

उन्होंने कहा कि कार्यकर्ता लगातार राज्य सरकार की विफलताओं को उजागर करें। यह झूठी और निकम्मी सरकार मायावी भी है। जनता को फिर तरह तरह की घोषणाओं से दिग्भ्रमित करने में जुटी है। हमें इसे लगातार बेनकाब करना है।
बैठक के बाद मीडिया से बात करते हुए नेता प्रतिपक्ष अमर कुमार बाउरी ने कहा कि भाजपा आगामी विधानसभा चुनाव की दृष्टि से तैयारी में जुट गयी है। आगामी 100 दिन में झारखंड में नया सवेरा लाना है।
उन्होंने कहा कि पार्टी राज्य में लूट, भ्रष्टाचार, ध्वस्त विधि व्यवस्था पर गंभीर है। हम लगातार जनता के बीच इसे लेकर जा रहे हैं। सदन से सड़क तक पार्टी ने लगातार इन मुद्दों को उठाया है।
कहा कि राज्य की जनता भाजपा के साथ है। जनता ने लोकसभा चुनाव में 80लाख वोटों के साथ 9 सीट एनडीए की झोली में डाले हैं।
उन्होंने कहा कि भाजपा आगामी 6 जुलाई से 15 जुलाई तक सभी लोकसभा क्षेत्रों में अभिनंदन सह विजय संकल्प सभा आयोजित करेगी।

कहा कि संथाल परगना में राज्य सरकार के संरक्षण में बांग्लादेशी घुसपैठियों के कारण डेमोग्राफी में बड़ा बदलाव आया है। कहा कि लोकसभा चुनाव में तो गुमला में एक मतदान केंद्र पर ऐसा मुस्लिम मतदाता आया जहां कोई मुस्लिम आबादी है ही नहीं। कहा कि भाजपा इस मुद्दे पर गंभीर है और चुनाव आयोग से इसकी शिकायत भी करेगी। कहा कि राजमहल में अनुपात से बहुत ज्यादा 50हजार मुस्लिम वोटर बढ़ गए जबकि पकड़ में 70हजार मुस्लिम वोटर बढ़े हंै, जो एक साजिश के तहत हुआ है।
कहा कि इतना ही नहीं पिछले लोकसभा चुनाव में बड़े पैमाने पर मतदाता के नाम हटाये गये।
कहा कि आज बुनियादी सुविधा के लिए जनता तरस रही। विधि व्यवस्था ध्वस्त है। आठ साल की बच्ची से सामूहिक बलात्कार की घटनाएं हो रही। जेपीएससी एसएससी सीजीएल की परीक्षाएं भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ गयी। कहा कि इसलिए जनता में आक्रोश है। जनता के बीच परिवर्तन ही मुद्दा है। जबतक इस भ्रष्ट, निकम्मी ठगबंधन सरकार को उखाड़ नहीं फेंकेंगे चुप नहीं बैठेंगे।

झामुमो कांग्रेस राजद का चरित्र दोहरा
श्री बाउरी ने कहा कि हेमंत सोरेन को बेल मिलना एक संवैधानिक प्रक्रिया है। न्यायपालिका ने एक निर्णय सुनाया है। लेकिन झामुमो कांग्रेस को बताना चाहिए कि हेमंत सोरेन जेल भी गये थे तो न्यायालय की संवैधानिक प्रक्रिया के तहत और बेल भी मिला है, तो वह भी एक संवैधानिक प्रक्रिया के तहत। लेकिन भाजपा पर दोषारोपण कर जनता को दिग्भ्रमित करना इनका दोहरा चरित्र है।
कहा कि ऐसे भी हेमंत सोरेन बेल पर जेल से बाहर आये हैं ये अभी मुकदमों से बरी नहीं हुए हैं। बैठक में अनुसूचित जनजाति मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष समीर उरांव, प्रदेश उपाध्यक्ष राकेश प्रसाद, महामंत्री मनोज सिंह, प्रदेश मंत्री सरोज सिंह, सुनीता सिंह सहित मोर्चों के अध्यक्ष भी उपस्थित रहे।

Share.

Comments are closed.

Exit mobile version