रांची। देश की जनता ने नरेंद्र मोदी सरकार को सबक सिखा दिया है। चुनाव नतीजों के बाद भी भाजपा कोई सबक नहीं ले रही है। अब भी वह बुलडोजर लेकर पार्लियामेंट चलाने की कोशिश कर रहे हैं। इसका विरोध जारी रहेगा। ये बातें भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी मार्क्सवादी की पोलित ब्यूरो सदस्य वृंदा करात ने मंगलवार को प्रेस वार्ता के दौरान कहीं। वृंदा करात ने भाजपा के झारखंड के चुनाव प्रभारियों शिवराज सिंह चौहान और हिमंता बिश्व सरमा पर कहा कि हिमंता और शिवराज झारखंड के बारे में कुछ जानकारी नहीं रखते हैं। उन्होंने कहा कि हिमंता बिश्व सरमा घूम-घूम कर सांप्रदायिकता फैलाते हैं। अगर वह यहां सांप्रदायिक नीतियों पर काम करेंगे, तो उसका भी हम विरोध करेंगे।
उन्होंने कहा कि झारखंड में बांग्लादेशियों की घुसपैठ के मामले में भाजपा जनता को भ्रमित करती है। बांग्लाभाषी मुस्लिमों को जान बूझ कर परेशान किया जा रहा है। भाजपा को ऐसे बयान देने से पहले ये भी बताना चाहिए कि वर्तमान सरकार के पहले झारखंड में जो सरकारें थीं, बांग्लादेश से होनेवाली घुसपैठ को रोकने के लिए उन्होंने क्या किया। केंद्र सरकार ने अब तक क्या कदम उठाये हैं। वृंदा करात ने कहा कि भाजपा चुन-चुन कर बांग्लाभाषी मुस्लिमों को परेशान कर रही है।
उन्होंने कहा कि संसद की परंपरा के मुताबिक, कौन स्पीकर बनेगा और कौन डिप्टी स्पीकर, इस पर पहले बातचीत होनी चाहिए। बातचीत के बाद इसकी घोषणा होनी चाहिए। सरकार चाहे, तो स्पीकर कौन बनेगा, यह तय कर ले। लेकिन, डिप्टी स्पीकर के पद पर विपक्ष का ही नेता होना चाहिए। यह हमारी परंपरा रही है। वर्ष 2019 के चुनाव के बाद सदन में कोई डिप्टी स्पीकर नहीं रहा। प्रेस वार्ता के दौरान सीपीएम नेता रामचंद्र डोम, प्रकाश विप्लव समेत अन्य नेता मौजूद रहे।