रांची। झामुमो के केंद्रीय महासचिव और राष्ट्रीय प्रवक्ता सुप्रियो भट्टाचार्य ने कहा कि हम रामलला को बारिश में भीगते नहीं देख सकते, क्योंकि उनका तीर-धनुष हमारे पास है। सुप्रियो ने मंगलवार को प्रेस वार्ता कर कहा कि पहली ही बारिश में अयोध्या में बने राम मंदिर की छत से पानी चूना शुरू हो गया। उन्होंने कहा कि इस बात की पुष्टि किसी बाहर के आदमी ने नहीं, बल्कि मंदिर के महंत सत्येंद्र दास ने की। उन्होंने कहा कि मंदिर की छत से पानी टपक रहा है और गर्भगृह से इसके निकासी की जगह नहीं है। सुप्रियो ने याद दिलाया कि शंकराचार्य पहले ही आधा बने मंदिर में प्राण प्रतिष्ठा करने से मना चुके थे। इस बहाने सुप्रियो ने पीएम नरेंद्र मोदी पर निशाना साधते हुए कहा कि पीएम खुद को अवतार बता चुके हैं। उनका मानना है कि वे राम को कहीं भी ले जा सकते हैं, लेकिन उनकी जल्दबाजी की कथा और परिणाम सबके सामने है। सुप्रियो ने कहा कि केवल गर्भगृह नहीं, जिस रामपथ का निर्माण किया गया वो भी पहली बारिश में ढह गया। उन्होंने कहा कि वो रेलवे स्टेशन जहां बड़ी संख्या में रामभक्त यात्री जाते हैं, उसकी चहारदीवारी भी गिर गयी। ये है भारतीय जनता पार्टी के भ्रष्टाचार का नायाब उदाहरण। उन्होंने कहा कि बीजेपी ने ईश्वर को भी नहीं छोड़ा। इनके लिए भ्रष्टाचार ईश्वर से भी अधिक प्राथमिकता वाली चीज है।

 निर्माण में सक्रिय रही गुजरात लॉबी 
सुप्रियो ने कहा कि भाजपा के लोग राम के नाम पर वोट मांगते हैं, लेकिन राम मंदिर के निर्माण के मामले में जमीन खरीद में लूट हुई। ये सभी बातें भी जनता के सामने आयीं हैं। सुप्रियो ने कहा कि लोगों की आस्था के साथ खिलवाड़ किया गया। ये भी याद रखिये कि अभी बारिश का मौसम पूरी तरह से नहीं आया है। अभी पूरा मानसून बाकी है। जब मानसून आयेगा तो क्या स्थिति होगी, क्या भयावह रूप होगा, इसकी कल्पना सब लोग करें।  भाजपा के लोग भ्रष्टाचार पर बहुत भाषण देते हैं, लेकिन अभी तक भाजपा के एक भी नेता ने ये स्वीकार नहीं किया कि राम मंदिर का निर्माण घटिया तरीके से हुआ है। इसमें पैसे खाये गये। आरोप लगाया कि गुजरात लॉबी ने वहां काम किया। बाकी निर्माण का भी यही हाल है। ये है भारतीय जनता पार्टी की सच्चाई। सुप्रियो ने कहा कि  अयोध्या फैजाबाद के लोगों ने इस संदेश को चुनाव के दौरान पहले ही बता दिया था। सुप्रियो ने कहा कि भाजपा की लूट का असर भी इसी तरह से पड़ा है। राम के लंका गमन के रास्ते में पड़ने वाले किसी भी सीट पर बीजेपी को जीत नहीं मिली है। उन्होंने कहा कि वे चित्रकूट से लेकर रामेश्वरम तक, 7 लोकसभा सीटों पर हार गये। ये बताता है कि प्रभु श्रीराम का जो दुरुपयोग करेगा, उसका प्रतिफल उसको मिलेगा। उन्होंने कहा कि हम लोग आज बहुत आहत हैं  इस बात से। क्योंकि जो सच्चा राम भक्त है, वो कतई नहीं चाहता हूं कि उसकी आस्था में भ्रष्टाचार की मिलावट हो। हम अपने राम लला को बारिश में भीगने  नहीं देंगे। क्योंकि उनका जो धनुष बाण है वो हमारे साथ है।

Share.

Comments are closed.

Exit mobile version