प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी नेशनल डेमोक्रेटिक अलायंस (एनडीए) संसदीय दल की बैठक में शामिल होने के लिए पुराने संसद (संविधान सदन) के सेंट्रल हॉल में पहुंचे। इसमें एनडीए के सभी 293 सांसद, राज्यसभा सांसद और सभी राज्यों के मुख्यमंत्री और डिप्टी सीएम मौजूद रहे। बैठक में नरेंद्र मोदी को एनडीए संसदीय दल का नेता चुना गया। राष्ट्रपति से मिल कर वह सरकार बनाने का दावा पेश करेंगे।
एनडीए संसदीय दल की बैठक में भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा ने स्वागत भाषण दिया। उसके बाद रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने प्रधानमंत्री पद के लिए नरेंद्र मोदी के नाम का प्रस्ताव रखा। अमित शाह ने इसका समर्थन किया और नितिन गडकरी ने प्रस्ताव का अनुमोदन किया। जेडीएस अध्यक्ष कुमारस्वामी ने प्रस्ताव का समर्थन किया। मोदी 9 जून को शाम 6 बजे राष्ट्रपति भवन में प्रधानमंत्री पद की तीसरी बार शपथ ले सकते हैं। खबर है कि मोदी के साथ पूरा मंत्रिमंडल शपथ ले सकता है।
एनडीए की पहली बैठक 5 जून को पीएम आवास में शाम 4 बजे हुई थी। एक घंटे चली बैठक में 16 पार्टियों के 21 नेता शामिल हुए थे। सभी ने मोदी को नेता चुना था।
उन्होंने बुधवार को ही राष्ट्रपति को अपना इस्तीफा सौंपा था। राष्ट्रपति ने उनका इस्तीफा स्वीकार कर 17वीं लोकसभा भंग कर दी थी। हालांकि, नयी सरकार के गठन तक मोदी कार्यवाहक प्रधानमंत्री हैं।
लोकसभा चुनाव में भाजपा को 240 सीटें मिली हैं। यह बहुमत के आंकड़े (272) से 32 सीटें कम हैं। हालांकि, एनडीए ने 293 सीटों के साथ बहुमत के आंकड़े को पार कर लिया। एनडीए में भाजपा के अलावा 14 सहयोगी दलों के 53 सांसद हैं।
गठबंधन में चंद्रबाबू की टीडीपी 16 सीटों के साथ दूसरी और नीतीश की जेडीयू 12 सीटों के साथ तीसरी सबसे बड़ी पार्टी है। दोनों ही पार्टियां इस वक्त भाजपा के लिए जरूरी हैं। इनके बिना भाजपा का सरकार बनाना मुश्किल है।
चंद्रबाबू नायडू ने पीएम के नाम का समर्थन किया, मोदी-शाह की तारीफ की
चंद्रबाबू नायडू ने कहा- आदरणीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी, केंद्रीय मंत्रिगण, एनडीए पार्टनर्स, सभी लोकसभा सदस्य। मैं सबको बधाई देता हूं। हम एक हैं। पिछले तीन महीने से प्रधानमंत्री जी ने कभी आराम नहीं किया। लगातार उसी ऊर्जा से काम करते रहे। आंध्र प्रदेश में उनकी रैलियों से बड़ा फर्क पड़ा। हमने बहुमत से चुनाव जीता।
गृह मंत्री ने एक सभा को संबोधित किया। उससे बहुत फर्क पड़ा। सभी ने लोगों को भरोसा दिलाया कि केंद्र राज्य के साथ है। आज हम देश के इतिहास के महत्वपूर्ण पड़ाव पर हैं। मोदी जी ने पिछले 10 साल में देश को बेहद रिमार्केबल सक्सेस दिलाई है। उन्होंने देश को ग्लोबल पावरहाउस में बदल दिया है।
मैंने कई नेता देखें हैं। मैं मोदी जी को क्रेडिट देता हूं कि उन्होंने देश को दुनिया की पांचवीं बड़ी अर्थव्यवस्था बनाया। हमें भरोसा है कि वे भारत को दुनिया की सबसे बड़ी इकोनॉमी बनाएंगे। हमें भरोसा है कि विकसित भारत के विजन के साथ भारत दुनिया में नंबर एक या नंबर दो पर जरूर पहुंचेगा। दुनिया में आज भारतीय सबसे ज्यादा पर कैपिटा इनकम वाले ग्रुप में शामिल हैं।
कुमारस्वामी ने प्रस्ताव का समर्थन किया
कुमारस्वामी ने कहा -आज राजनाथ जी, अमित शाह जी, नड्डा जी ने अपनी बात रखी। इस देश को पिछले 10 साल में जो कुछ मिला, उसे सबने देखा। मैं राजनाथ जी के प्रस्ताव का समर्थन करता हूं।
नितिन गडकरी ने प्रस्ताव का अनुमोदन किया
केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने कहा- मैं सभी नवनिर्वाचित लोकसभा सदस्यों का हृदय से धन्यवाद करता हूं, उनको शुभकामनाएं देता हूं। राजनाथ जी ने जो प्रस्ताव रखा है, मैं उसका अनुमोदन करता हूं। पिछले 10 साल में उनके नेतृत्व में काम करने का अवसर हमको मिला। उन्होंने समर्पित भाव से काम किया।
मुझे विश्वास है कि अपने कार्य से देश के साथ दुनिया को भी उन्होंने प्रभावित किया है। 10 साल का काम शुरूआत थी, आने वाले 5 साल में हम दुनिया की ताकत बनेंगे, ऐसा मुझे विश्वास है। मैं अपनी तरफ से मोदी जी को शुभकामनाएं देता हूं। राजनाथ जी के प्रस्ताव का अनुमोदन करता हूं।
अमित शाह बोले- प्रस्ताव एनडीए के घटक दलों के नेताओं के मन की इच्छा है
अमित शाह ने राजनाथ सिंह के प्रस्ताव का समर्थन करते हुए कहा- साथियो सभी को हृदयपूर्वक पुन: लोकसभा में जीतकर आने के लिए बधाई। अभी अभी रक्षा मंत्री जी ने संसदीय नेता के रूप में नरेंद्र मोदी जी के नाम का प्रस्ताव रखा है। इसका मैं मन से समर्थन करता हूं।
यह प्रस्ताव हम सब चंद लोगों के मन की इच्छा नहीं है। यह एनडीए के घटक दलों के नेताओं के मन की इच्छा भी नहीं है। यह प्रस्ताव देश के 140 करोड लोगों के मन का प्रस्ताव है। देश के हर कोने से हर तहसील से आवाज आई है कि देश का नेतृत्व अगले 5 साल के लिए नरेंद्र मोदी जी करें।
10 साल में मोदी जी ने प्रधानमंत्री के तौर पर जो काम किया, देश की जनता का ये जनादेश उसको एक्नॉलेज करता है, उस पर मुहर लगाता है। इस पवित्र जगह हम लोग फैसला करने जा रहे हैं, आजाद भारत का ऐतिहासिक फैसला है। साठ साल बाद कोई नेता लगातार तीसरी बार प्रधानमंत्री बनने जा रहा है। मैं राजनाथ सिंह जी के तीनों प्रस्ताव का मनपूर्वक समर्थन करता हूं।
राजनाथ बोले- मोदी प्रधानमंत्री पद के लिए सबसे योग्य
राजनाथ सिंह ने मोदी के नाम का प्रस्ताव रखते हुए कहा- मोदी जी का नाम इन सारे पदों के लिए सबसे योग्य है। मंत्रिमंडल में उनके साथ उनकी प्रामाणिकता, कार्यकुशलता को समस्त देशवासियों ने प्रत्यक्ष देखा है। दस वर्षों में एनडीए की सरकार ने जो सेवा की है उसकी भारत में ही नहीं पूरी दुनिया में प्रशंसा हो रही है।
हम सबका सौभाग्य है कि लगातार बार हमारी सरकार बनने जा रही है। अरसे बाद कोई नेता लगातार तीसरी बार भारत का प्रधानमंत्री बनने जा रहा है। लोकतांत्रिक देशों में तीसरी बार यह अवसर किसी को प्राप्त हो रहा है तो हमारी एनडीए को प्राप्त हो रहा है।
मोदी जी जैसा संवेदनशील और जनकल्याणकारी प्रधानमंत्री हम लोगों को मिलने जा रहा है। इनका नेतृत्व, कार्यकुशळता, विजन के चलते एनडीए परिवार में वृद्धि हुई है। हम सबकी पहचान गठबंधन धर्म का निर्वाह करने वाले परिवार के तौर पर हुई है। यह सिलिसिला अटल बिहारी वाजपेयी के समय से ही जारी है। यह हमारा कमिटमेंट है। हमें भारत को सक्षम, समृद्ध और सशक्त राष्ट्र के रूप में आगे ले जाना है।
मैं कह सकता हूं कि अगले 10 वर्षों में मोदी के नेतृत्व में भारत की दशा, दिशा में क्रांतिकारी परिवर्तन आया है। अब देश ही नहीं, दुनिया को भरोसा हो गया है कि भारत पूरी दुनिया को नेतृत्व देने का सामर्थ्य रखता है।
आज देश दशकों के लिए नहीं सदियों के लिए सशक्त बनाने के लिए अग्रसर हो चुका है। इस काम के लिए मोदी जी से बेहतर कोई नहीं हो सकता है। भाजपा और एनडीए संसदीय दल का नेता और लोकसभा के नेता के तौर पर माननीय नरेंद्र मोदी जी के नाम का प्रस्ताव करता हूं
नड्डा बोले- आज हम ऐतिहासिक पल के साक्षी
हम सब लोग आदरणीय प्रधानमंत्री जी को अपने दिल की गहराइयो से हार्दिक बधाई देते हैं। जिनके अथक प्रयास अथक मेहनत हर पल देश की सेवा के लिए समर्पित किया। यही कारण है कि भारत इतिहास रच रहा है। तीसरी बार बहुमत के साथ एनडीए की सरकार आ रही है। मैं इस बात का भी उल्लेख करना चाहता हूं कि हमने उड़ीसा में भी अपनी विचारधारा की सरकार बनाई। वहां भी हमें सफलता मिली। हमें खुशी है कि आंध्र प्रदेश में भी एनडीए की सरकार बनी है। अरुणाचल प्रदेश में लगातार तीसरी बार हमने अपनी सरकार बनाई है। सिक्किम में भी एनडीए की सरकार बनी है। रिफॉर्म परफॉर्म ट्रांसफॉर्म का नतीजा है कि आज हम इस ऐतिहासिक पल के साक्षी हो रहे हैं। हमें याद है कि 10 साल पहले उदासीन भारत था। तब कहा जाता था कि यहां कुछ बदलने वाला नहीं है। आज वही भारत विकसित भारत के संकल्प को लेकर चल पड़ा है। महिलाओं को ताकत मिली, युवाओं का सशक्तीकरण हुआ। किसानों को मुख्य धारा में लाया गया। दलितों को सम्मान मिला। यह संभव हुआ प्रधानमंत्री के सबका साथ सबका विकास सबका प्रयास मंत्र से।