जनजातीय समाज को जागरूक करने के लिए पद यात्रा करूंगा
दुमका। झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास शनिवार को दुमका पहुंचे। भाजपा कार्यकर्ताओं से मुलाकात की। इस दौरान मीडिया से बातचीत करते हुए रघुवर दास ने कहा कि झारखंड में जनजातीय समुदाय की स्थिति काफी दयनीय हो चुकी है। राजय सरकार वोट बैंक की खातिर इसे पिछड़ा अवस्था में ही रखना चाहती है। रघुवर दास ने यहां तक कह दिया कि इस राज्य का एक ग्रुप इन्हें इसाई प्रदेश तो दूसरा ग्रुप इसे इस्लामी प्रदेश बनाना चाहता है। अगर यही हाल रहा तो तो झारखंड की स्थिति नागालैंड और मिजोरम जैसी हो जायेगी।
इसे बचाने के लिए झारखंड में एक और हूल (आंदोलन) की आवश्यकता है। मैंने इसके लिए प्रयास शुरू कर दिया है। बारिश के मौसम के बाद जनजातीय समाज को जागरूक करने के लिए मैं पद यात्रा पर निकलूंगा। रघुवर दास ने यह बातें दुमका परिसदन में पत्रकारों से बातचीत में कही।

पेसा कानून लागू करने की मांग
रघुवर दास ने हेमंत सरकार से यह मांग की है कि जल्द से जल्द पेसा कानून लागू करें। इससे जनजातीय समुदाय का सर्वांगीण विकास होगा। उन्होंने कहा कि भारत सरकार के सचिव ने राज्य सरकार को पत्र लिखकर कहा कि 1400 करोड़ रुपये का फंड तभी दिया जा सकता है, जब आप पेसा कानून लागू करेंगे।
रघुवर दास ने सरकार से यह सवाल किया कि आखिरकार किसके दबाव में पेसा कानून लागू नहीं हो रहा है। उन्होंने कहा कि आज आदिवासियों के हित और विकास के नाम पर अबुआ सरकार सत्ता में तो आ गयी है, पर वह इस समुदाय के लिए कोई भी काम नहीं कर रही है।
वर्षों से यह समाज विकास के लिए संघर्ष कर रहा है। इसके भी अपने सपने, आकांक्षाएं हैं लेकिन उस पर सीएम का ध्यान नहीं है। रघुवर दास ने कहा कि सीएम ने मंईयां सम्मान योजना की घोषणा कर वोट तो ले लिया लेकिन लगातार उसके लाभुकों की संख्या में कटौती कर रही है। इससे साफ पता चलता है कि यह सरकार महिलाओं की भी हितैषी नहीं है।

रघुवर दास ने घुसपैठ को बताया काफी खतरनाक
पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास ने कहा कि आज झारखंड में जो घुसपैठ हो रहा है, वह काफी खतरनाक है। उन्होंने कहा कि मेरे कार्यकाल में पीएफआइ पर प्रतिबंध लगाया गया था, लेकिन वर्तमान सरकार उसे छूट दे रही है। पीएफआइ और सिमी में कोई अंतर नहीं है। धर्मांतरण और घुसपैठ को यह सरकार समर्थन दे रही है, जो इस राज्य के लिए काफी चिंताजनक है। अपने राजनीतिक भविष्य के संबंध में उन्होंने कहा कि मैं भाजपा के कार्यकर्ता के तौर पर काम कर रहा हूं। मुझे भारतीय जनता पार्टी ने काफी सम्मान दिया है। अब मुझे किसी पद की लालसा नहीं है।

Share.

Comments are closed.

Exit mobile version