पूर्वी सिंहभूम। पूर्वी सिंहभूम जिले के पोटका प्रखंड अंतर्गत कोवाली थाना क्षेत्र के हल्दीपोखर स्थित एक टेंट हाउस के गोदाम में शनिवार सुबह अचानक आग लग गई। आग की घटना से इलाके में अफरा-तफरी मच गई, हालांकि स्थानीय लोगों की तत्परता के कारण समय रहते आग पर काबू पा लिया गया और एक बड़ा हादसा टल गया।

स्थानीय लोगों के अनुसार, हल्दीपोखर स्थित सुदामा टेंट हाउस के गोदाम में सुबह अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और गोदाम में रखे टेंट, सजावटी सामग्री, विद्युत उपकरण तथा अन्य सामान इसकी चपेट में आ गए। आग से उठती तेज लपटें और घना धुआं दूर-दूर तक दिखाई देने लगा, जिससे आसपास के लोगों में दहशत फैल गई।

स्थानीय लोगों ने बिना समय गंवाए आग बुझाने का प्रयास शुरू कर दिया। लोगों ने पानी और कार्बन गैस का छिड़काव कर आग को फैलने से रोका। सामूहिक प्रयासों की बदौलत आग पर जल्द ही नियंत्रण पा लिया गया, जिससे आसपास के रिहायशी इलाके और अन्य प्रतिष्ठान सुरक्षित बच गए।

प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है। हालांकि आग लगने के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए जांच की जा रही है। घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है, लेकिन गोदाम में रखा बड़ी मात्रा में सामान जल जाने से लाखों रुपये के नुकसान की आशंका जताई जा रही है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि आग पर समय रहते काबू नहीं पाया जाता तो आसपास के मकानों और दुकानों तक भी आग फैल सकती थी, जिससे बड़ी जन-धन हानि हो सकती थी। फिलहाल प्रशासन और संबंधित विभाग नुकसान का आकलन करने में जुटे हैं।

Share.

Comments are closed.

Exit mobile version