सरायकेला। जिले में अवैध खनिज कारोबार के खिलाफ प्रशासन ने ‘जीरो टॉलरेंस’ की नीति अपनाते हुए एक बड़ी कार्रवाई की है। उपायुक्त के निर्देश पर जिला खनन विभाग और कांड्रा थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने पदमपुर टोल प्लाजा पर विशेष जांच अभियान चलाकर अवैध कोयला लदे चार वाहनों को जब्त किया है। चालकों द्वारा वैध दस्तावेज न दिखाए जाने के बाद यह कार्रवाई की गई, जिसके बाद प्रशासन ने दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, जांच के दौरान वाहन संख्या JH05AU6616, JH05DE1017, JH05DN1016 और JH05DE6826 के चालकों से खनिज परिवहन से संबंधित वैध कागजात मांगे गए। चालक आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके। इसके बाद संयुक्त टीम ने नियमानुसार कार्रवाई करते हुए चारों वाहनों को जब्त कर कांड्रा थाना में सुरक्षित रखवा दिया है। जिला खनन विभाग ने बताया कि मामले में आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। दस्तावेजों की जांच के बाद संबंधित वाहन मालिकों एवं अवैध परिवहन में संलिप्त लोगों के विरुद्ध खनन एवं अन्य प्रासंगिक कानूनों के तहत कार्रवाई की जाएगी।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जिले में गैरकानूनी माइनिंग, खनिजों को छिपाकर रखने और उनकी अवैध ढुलाई को पूरी तरह रोकने के लिए लगातार कार्रवाई की जा रही है। उपायुक्त ने अधिकारियों को कड़े निर्देश दिए हैं कि इन मामलों में थोड़ी भी ढिलाई न बरती जाए और गड़बड़ी करने वालों के खिलाफ सख्त से सख्त एक्शन लिया जाए। जिला प्रशासन ने दोहराया कि अवैध खनिज कारोबार के खिलाफ ‘जीरो टॉलरेंस’ की नीति अपनाई गई है। इसके तहत संवेदनशील क्षेत्रों में नियमित जांच, छापेमारी और निगरानी अभियान जारी रहेंगे।
प्रशासन ने आम नागरिकों से भी सहयोग की अपील करते हुए कहा है कि अगर कहीं भी गैरकानूनी ढंग से हो रही खनन, उसे छिपाकर रखने या खनिजों को गाड़ियों से ले जाने का पता चले, तो तुरंत प्रशासन को बताएं। ताकि समय रहते प्रभावी कार्रवाई की जा सके और क्षेत्र में हो रहे अवैध कारोबार पर अंकुश लगाया जा सके। फिलहाल सरायकेला में अवैध कोयला तस्करी के खिलाफ प्रशासनिक कार्रवाई तेज हो गई है।
Share.
Leave A Reply

Exit mobile version