गिरिडीह: बॉक्सिंग के क्षेत्र में झारखंड का नाम रोशन कर रही सेजल सिंह को झारखंड के मुखिया से सम्मान मिला। भाजपा प्रदेश कार्यसमित की बैठक में भाग ले रहे सीएम रघुवर दास ने डीएवी की छात्रा को सम्मानित किया। दो लाख रुपये प्रोत्साहन राशि के रूप में देने की घोषणा की। सेजल सिंह पिछले कुछ वर्षों से बॉक्सिंग के क्षेत्र में बेहतरीन प्रदर्शन कर राज्य का नाम रोश्न कर रही है। पिछली राष्ट्रीय प्रतियोगिता में गोल्ड मेडल हासिल कर राज्य का मान बढ़ाया था। इस साल भी सिल्वर मेडल हासिल कर झारखंड का नाम ऊंचा किया। इस युवा खेल प्रतिभा को सम्मानित करते हुए मुख्यमंत्री ने उम्मीद जतायी कि इससे बेटियों को आगे बढ़ने की प्रेरणा मिलेगी।
सेजल सिंह को लेकर चतरा सांसद सुनील सिंह आये थे।
राज्य में सख्ती से लागू होगा गोरक्षा कानून
भाजपा प्रदेश कार्यसमिति की बैठक के समापन सत्र में मुख्यमंत्री के समक्ष कार्यकर्ताओं ने जोरदार ढंग से गोरक्षा कानून को सख्ती से लागू करने की मांग उठायी। कार्यकर्ताओं ने स्पष्ट कहा कि सरकार को इस दिशा में सख्त कदम उठाने की जरूरत है। कार्यकर्ताओं की भावनाओं को देखते हुए मुख्यमंत्री रघुवर दास ने कहा कि गोरक्षा कानून राज्य में सख्ती से लागू होगा। इसके लिए अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिये गये हैं। साथ ही उन्होंने कहा कि गोरक्षा के नाम पर हिंसा नहीं होने दी जायेगी। राज्य में कानून को अपने हाथ में लेने की छूट किसी को नहीं दी जा सकती। यह जानकारी भाजपा के वरिष्ठ प्रवक्ता जेबी तुबिद ने प्रेस वार्ता के दौरान पत्रकारों को दी।