रांची: तीन दिनों से हो रही झमाझम बारिश के कारण अब आंखों से पानी निकलने लगा है। जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। सड़कें जलमग्न हो गयी हैं। नालियों का पानी सड़कों पर बह रहा है। राजधानी के निचले इलाकों में स्थिति बद से बदतर हो गयी है। घरों से पानी घुस गया है। पानी ने लोगों की दिनचर्या पर पानी फेर दिया है। ऐसा बंगाल की खाड़ी में निम्न दबाव की वजह से झारखंड में बने साइक्लोन के कारण हो रहा है। पूरा राज्य बादल के आगोश में समाया हुआ है। पूरा शहर पानी-पानी हो गया है। अब ऐसे में रांची कैसे स्मार्ट बनेगी। जब पानी की निकासी की ही अब तक व्यवस्था नहीं हो पायी।
सुबह से लगातार बारिश जारी है। आलम यह है कि राजधानी के अलावा पूरे राज्य में बारिश के कारण स्थिति अब भयावह होने लगी है।
घरों में घुसा पानी, सड़कों पर निकलना दूभर
नगर निगम की आधी अधूरी प्लानिंग का खामियाजा लोगों को भुगतना पड़ रहा है। कचहरी रोड में बन रहे डायवर्सन और रातू रोड क्षेत्र में बन रहे सिवरेज ड्रेनेज के कारण भी परेशानी बढ़ गयी है। इधर, हरिहर सिंह रोड, रातू रोड, चेशायर होम रोड, डोरंडा समेत अन्य इलाकों में ज्यादा परेशानी बढ़ गयी है। मौसम वैज्ञानिकों की मानें तो अगले 24 घंटे तक सर्कुलेशन का असर झारखंड के ऊपर रहेगा।