रांची: पिछले चार दिनों से लगातार हो रही बारिश का भयावह असर पूरे झारखंड समेत राजधानी रांची में भी दिख रहा है। पूरा शहर पानी-पानी हो गया है। शहर के मेन रोड में भी चलने की स्थिति नहीं है। निचले इलाके टापू बन गये हैं। जगह-जगह पेड़ गिरे हैं। जिंदगी की रफ्तार थम सी गयी है। हर ओर पानी कीचड़ और गंदगी का अंबार लग गया है। लगातार हो रही बारिश की वजह से मंगलवार को स्कूलों में काफी कम उपस्थिति देखी गयी। बच्चे घर से निकल ही नहीं सके। कुछ स्कूलों को बंद भी कर दिया गया है। दर्जनों मोहल्ले के घरों में पानी भर गया है। मौसम विभाग की मानें तो अगले 24 घंटे तक ऐसा ही मौसम बना रहेगा और झमाझम बारिश होती रहेगी। बंगाल की खाड़ी में बने निम्न दबाव की वजह से झारखंड में बने साइक्लोन सर्कुलेशन का असर रांची सहित पूरे राज्य में दिख रहा है। इससे जनजीवन भी अस्त व्यस्त हो गया है। कई मुहल्लों में घर गिर गये हैं। सड़कें पानी में डूबी हैं। नालियों का पानी सड़क पर बह रहा है।

चैन की नींद सो रहा नगर निगम
चार दिनों से हो रही बारिश से राजधानी पानी-पानी हो चुका है। फिर भी रांची नगर निगम के अधिकारी चैन की नींद सो रहे हैं। मंगलवार को भी निगम के अधिकतर अधिकारी कार्यालय तो जरूर आये, लेकिन शहर में उत्पन्न जलजमाव से निपटने के लिए कोई पहल नहीं की गयी। निगम की जिस इंफोर्समेंट टीम को जलजमाव की स्थिति से निपटने के लिए तैयार रहने का निर्देश दिया गया था, वे भी कहीं नजर नहीं आयी।

नगर निगम के सभी दावे फेल
बारिश से पूर्व नगर निगम के अधिकारियों द्वारा किये गये सभी दावे फेल हो गये। नालियों की सफाई तो खूब हुई, लेकिन जब जल निकासी का वक्त आया तो नालियों का पानी सड़क पर प्रवाहित होने लगा। शहर के कई प्रमुख मार्ग समेत गली-मोहल्लों की सड़कें भी जलमग्न हो चुकी हैं। लोगों का घर से निकलना मुश्किल हो गया है। दो पहिया एवं चार पहिया वाहन चालक भी जान हथेली पर रखकर इन मार्गो पर आवागमन करते रहे।

रातू रोड में गलियां भी जलमग्न
रातू रोड से सुखदेव नगर जाने वाले मार्ग पर लगभग 500 फीट लंबी सड़क पर जलजमाव की स्थिति उत्पन्न हो गयी है। सड़क का हिस्सा नाले से नीचे होने के कारण पूरी सड़क पानी में डूबी है। सड़क का एक हिस्सा जलमग्न होने के कारण पैदल जानेवाले वैकल्पिक मार्गों का प्रयोग कर रहे हैं।

सड़क पर जगह-जगह जलजमाव
बारिश के कारण नागाबाबा खटाल होते हुए रातू रोड से पंडरा तक कई जगहों पर सड़क के किनारे जलजमाव है। कारण पैदल चलने वाले हों या दो पहिया, चार पहिया वाले, सभी कालीकरण सड़क का ही सहारा ले रहे हैं। मुंडा चौक, संत मिखाइल नेत्रहीन विद्यालय, रांची कॉलेज के सामने, जयपाल सिंह स्टेडियम के समीप, पंचवटी प्लाजा के समीप भी सड़क पर जलजमाव है।

Share.

Comments are closed.

Exit mobile version