जमशेदपुर। सोनारी इलाके में शुक्रवार की सुबह एक पुलिस इंस्पेक्टर ने खूनी खेल खेला। उसने अपनी पत्नी समेत तीन लोगों को गोली मार दी। एक महिला की मौत हो गयी, जबकि दो मौत से संघर्ष कर रहे हैं। इंस्पेक्टर फरार है। वारदात सोनारी स्थित नौलखा अपार्टमेंट में इंस्पेक्टर मनोज गुप्ता के फ्लैट में हुई। सुबह इंस्पेक्टर की पत्नी पूनम गुप्ता अपनी बेटी, मुंहबोले भाई चंदन और उसकी मां सीमा देवी के साथ पटना से अपने फ्लैट में पहुंची। इंस्पेक्टर ने जैसे ही उनको देखा, उसने ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। इसके बाद वह भाग निकला। इधर अपार्टमेंट के निवासियों ने फायरिंग की आवाज सुनी, तो उधर दौड़े। वहां तीन लोग खून से लथपथ पड़े हुए थे। आनन-फानन में लोगों ने उन्हें अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने सीमा देवी को मृत घोषित कर दिया। पूनम और चंदन को टीएमएच में भर्ती कराया गया है। पूनम का मायका पटना में है। चंदन भी मीठापुर (पटना) का रहनेवाला है। पुलिस इंस्पेक्टर पहले से निलंबित चल रहा है। वह पहले पश्चिमी सिंहभूम जिले के गुदड़ी थाना में थानेदार था।
इंस्पेक्टर मनोज गुप्ता का पत्नी से विवाद चल रहा था। पत्नी ने उसके खिलाफ प्रताड़ना की शिकायत बिष्टुपुर थाना में की थी। इसी के बाद मनोज गुप्ता को सस्पेंड किया गया था। 22 जुलाई को पश्चिमी सिंहभूम के एसपी ने उसकी गिरफ्तारी का आदेश जारी किया था।

Share.

Comments are closed.

Exit mobile version