रांची। प्राचीन शिव मंदिर ठाकुर शकरपुर नयी दिल्ली में अखिल भारतीय क्षत्रिय महासभा का वार्षिक राष्ट्रीय अधिवेशन संपन्न हुआ। इस अधिवेशन में मुख्य अतिथि के रूप में डॉ करन सिंह और भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव अर्जुन सिंह मौजूद रहे। अधिवेशन में समाज को एकजुट करने एवं अन्य समस्याओं को लेकर चर्चा हुई। सभी लोगों ने समाज को एकजुट करने, समाज में फैली बुराइयों को दूर करने और समाज की उचित राजनीतिक भागीदारी पर जोर दिया। इस अधिवेशन के दौरान महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष का चुनाव भी हुआ। सभी लोगों ने सर्वसम्मति से राजा मानवेंद्र सिंह को अध्यक्ष चुना। इस दौरान सभी ने नव निर्वाचित अध्यक्ष का जोरद्वार स्वागत किया और उन्हें बधाई भी दी।
बता दें कि राजा मानवेंद्र सिंह सरल स्वभाव के हैं और समाज के लिए कार्य कर रहे हैं। वह पहले भी कई राजनीतिक पदों पर रहते हुए जनप्रतिनिधि के रूप में लोगों की सेवा कर चुके हैं। वीपी सिंह जब भारत के प्रधानमंत्री थे, उस समय वह राज्यमंत्री थे। वह तीन बार 1984, 1989 और 2004 में लोकसभा सदस्य रह चुके हैं। कई विभागों की सलाहकार कमेटी के सदस्य भी रहे हैं। अखिल भारतीय क्षत्रिय महासभा के नवनिर्वाचित राष्ट्रीय अध्यक्ष का कहना है कि उनकी प्राथमिकता समाज को एकजुट करने के साथ-साथ समाज में फैली बुराइयों को दूर करना है, साथ ही समाज राजनीति क्षेत्र में किस तरह से अपनी भागीदारी बढ़ाये इस पर भी जोर दिया जायेगा।

Share.

Comments are closed.

Exit mobile version