रांची। रांची में शुक्रवार सुबह से ही झमाझम बारिश हो रही है। इसका असर तापमान पर भी पड़ा है। उच्चतम तापमान में पिछले 24 घंटे में दो डिग्री सेल्सियस की कमी आई है। उच्चतम तापमान जहां 29 डिग्री सेल्सियस से घटकर 27 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया है वहीं न्यूनतम तापमान 23 डिग्री सेल्सियस बना हुआ है।

मौसम विज्ञान केंद्र रांची ने शुक्रवार को झारखंड के 18 जिलों के लिए रेड अलर्ट जारी किया है। मौसम वैज्ञानिक अभिषेक आनंद ने बताया कि गुमला, खूंटी, सिमडेगा, पूर्वी सिंहभूम, पश्चिमी सिंह और सरायकेला खरसावां को छोड़कर राज्य के सभी जिलों में शुक्रवार को भारी से बारिश हुई है। झारखंड के सभी जिलों में लगातार भारी बारिश हो रही है। इस वजह से जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। कई जिलों में बाढ़ जैसे हालात हो गए हैं।

इधर, राजधानी रांची में भी पिछले 24 घंटों से लगातार हो रही बारिश ने व्यवस्था की पोल खोलकर रख दी है। पानी की निकासी नहीं होने के कारण शहर के निचले इलाके डूब गए हैं। कांके में आईआईसीएम के पास स्थित प्रेमनगर को जोड़ने वाला पुल पूरी तरह डूब गया है। सैकड़ों घरों में पानी घुस गया है। लोहराकोचा, गौसनगर, पंचशील नगर की गलियों में तीन से पांच फीट तक पानी जमा है। कई इलाकों में बाढ़ जैसा नजारा देखने को मिल रहा है। कई इलाकों को जोड़ने वाले पुल और पुलिया से पानी ओवर फ्लो हो रहा है, जिससे लोग उस रास्ते का इस्तेमाल करने से बच रहे हैं।

नगर निगम ने मानसून के आने से पहले मई में शहर की नालियों की सफाई के लिए अभियान चलाया था। इस काम के लिए एक करोड़ रुपये खर्च कर दिए गए थे ताकि बरसात में शहर में जल जमाव की समस्या न हो लेकिन इतने पैसे खर्च करने के बाद भी शहर में पानी के निकासी के इंतजाम नहीं हुए। नतीजन शहर के कुछ इलाकों में पानी का बहाव तेज हो रहा है।

कुछ ऐसा ही नजारा प्रेमनगर में देखे को मिला, जहां दो गायें पानी की धार में बह गईं। कुछ इलाके में लोगों का घर पानी में डूब गया। कई जगहों पर लोग रोड पर मछली मारते हुए देखे जा रहे हैं। सड़कों और गलियों में डेढ़ से दो फीट पानी भर गया है। इस वजह से वाहन चालकों को भी परेशानी झेलनी पड़ रही है।

Share.

Comments are closed.

Exit mobile version