आजाद सिपाही संवाददाता
रांची। बड़े लक्ष्य को पाने के लिए छोटे लक्ष्यों को पूरा करना जरूरी है। हमें एकजुट होकर झारखंड को संवारने तथा आजसू पार्टी संगठन को मजबूत करने के अभियान को अंजाम तक पहुंचाना है। गुरुवार को ये बातें आजसू सुप्रीमो सुदेश महतो ने कहीं। वे आजसू पार्टी प्रखंड कमिटी के सभी नवनियुक्त पदाधिकारियों के शपथ ग्रहण सह संवाद समारोह में बोल रहे थे। समारोह के पहले दिन पूर्वी सिंहभूम, गिरिडीह तथा हजारीबाग जिला के 40 प्रखंडों के सभी नवनियुक्त प्रखंड पदाधिकारियों को पद तथा गोपनीयता की शपथ दिलायी गयी और सभी से सीधा संवाद किया गया।
सुदेश ने सभी पदाधिकारियों को सरकार की वादाखिलाफी तथा सरकारी संसाधनों के दोहन के खिलाफ चरणबद्ध आंदोलन, आठ अगस्त से शुरू हो रहे सामाजिक न्याय आंदोलन और आदिवासी दिवस पर आयोजित कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए तैयारी में जुटने का निर्देश दिया।

अधिकार की लड़ाई लड़ना ही आजसू पार्टी की पहचान
सुदेश ने कहा कि कोरोना की पहली और दूसरी लहर ने कई घरों के आंगन को सूना कर दिया। किसी ने अपने मां-बाप को खोया तो किसी ने अपने बेटे-बेटियों को। बेसहारा, अनाथ और लाचार लोगों की आवाज बन कर उनके हक और अधिकार की लड़ाई लड़ना ही आजसू पार्टी की पहचान है। मौके पर उन्होंने कोरोना से मरनेवालों के लिए आजसू पार्टी द्वारा शुरू किये गये सर्वेक्षण कार्य को अतिशीघ्र पूर्ण करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि आजसू पार्टी राज्य की खनिज संपदाओं को लूटते हुए नहीं देख सकती। उन्होंने सभी पदाधिकारियों से राज्य की संपदाओं को सुरक्षित रखने के लिए आंदोलन की तैयारी करने का निर्देश दिया।

Share.

Comments are closed.

Exit mobile version