पटना (बिहार)। बिहार के नालंदा जिले में चार साल बच्चा बोरवेल में रविवार को गिर गया। वह डोमन मांझी का पुत्र शिवम कुमार है। शिवम 150 फीट गहरे बोरवेल में खेलते-खेलते गिर गया। हालांकि, वह 60 फीट गहराई पर फंसा है। बोरवेल से उसके रोने की आवाज आ रही है। स्थानीय प्रशासन राहत और बचाव कार्य में जुटा हुआ है। बच्चे को पाइप से ऑक्सीजन दी जा रही है। बोरवेल में कैमरे से बच्चे की निगरानी की जा रही है।
बताया गया है कि शिवम दोस्त के साथ खेल रहा था। इस दौरान वह बोरवेल में गिर गया। साथ खेल रहे बच्चे ने इसकी जानकारी उसके माता-पिता को दी। धीरे-धीरे ग्रामीणों का हुजूम मौके पर पहुंच गया। पटना से पहुंची एनडीआरएफ की टीम बच्चे को निकालने के प्रयास में जुट गई। मौके पर हर कोई बच्चे की सलामती की दुआ करता नजर आया।
नगर पंचायत नालंदा के उपाध्यक्ष प्रतिनिधि नलिन मौर्य रेस्क्यू ऑपरेशन में सहयोग कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि यह बोरवेल यहां के किसानों ने बोरिंग के लिए बनाया था लेकिन यहां बोरिंग नहीं लग पाया तो वो दूसरे जगह बोरिंग लगाने में जुट गए और इस बोरवेल को बंद करना भूल गए। इसी कारण आज यह बड़ा हादसा हुआ है। बच्चे तक ऑक्सीजन पहुंचाने और निकालने के लिए जेसीबी मशीन को बुलाया गया है। बच्चे के परिवार में चीख-पुकार मची है।
थानाध्यक्ष दिनेश कुमार सिंह ने बताया कि बच्चे को सुरक्षित निकालने का प्रयास किया जा रहा है। वरीय पदाधिकारियों को भी घटना की जानकारी दी गई है। राहत और बचाव काम जारी है।