रामगढ़। केंद्रीय विद्यालय की रामगढ़ कैंट ब्रांच में राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 के अनुपालन और उद्देश्यों को चिन्हित कर जन जन तक पहुंचाने के लिए शुक्रवार को एक प्रेसवार्ता आयोजित की गई। इस प्रेस कॉन्फ्रेंस में रामगढ़ जिला के सभी केंद्रीय विद्यालय और जवाहर नवोदय विद्यालय के प्राचार्य मौजूद रहे। प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान केंद्रीय विद्यालय रामगढ़ कैंट की प्राचार्य डॉ अमिता ज्योत्सना बाड़ा ने कहा कि एनईपी को सफलतापूर्वक लागू कर दिया गया है। उन्होंने यह बताया कि पूरे देश में केंद्रीय विद्यालय की 1250 शाखाएं हैं। विदेशों में भी तीन शाखाएं संचालित हो रही हैं। उन सभी विद्यालयों में भी इसे सफलतापूर्वक लागू कर दिया गया है।
कार्यक्रम में शिक्षाविदों और मीडिया के सदस्यों ने भाग लिया और पिछले तीन वर्षों में शिक्षा क्षेत्र में हुई महत्वपूर्ण प्रगति पर चर्चा की। इस दौरान राष्ट्रीय शिक्षा नीति पर स्लाइड शो प्रस्तुत किया गया। साथ ही केंद्रीय विद्यालय में आयोजित होने वाली सभी गतिविधियों के बारे में विस्तार से बताया गया
इस अवसर पर राष्ट्रीय शिक्षा नीति में लक्षित बाल वाटिका, निपुण भारत, दीक्षा पोर्टल, पीएम श्री योजना इत्यादि सभी विषयों पर भी विस्तृत चर्चा की गई। प्रेस वार्ता में केंद्रीय विद्यालय रामगढ़ कैंट की प्राचार्या डॉ अमिता ज्योत्सना बाड़ा, केंद्रीय विद्यालय पतरातु के प्राचार्य आर सी गोंड, केंद्रीय विद्यालय रामगढ़ कैंट मुख्याध्यापक बिपिन कुमार मिश्रा, जवाहर नवोदय विद्यालय रामगढ के प्राचार्या मीना मुर्मू, तथा केंद्रीय विद्यालय भुरकुंडा के प्रभारी प्राचार्य कमलेश कुशवाह मौजूद रहे।
प्रधानाध्यापक बी के मिश्रा ने निपुण की विस्तृत चर्चा की तथा एफएलएन में जो भी कार्यक्रम करवाए हैं उसकी प्रस्तुति मीडिया के सामने रखी। डॉ अमिता ज्योत्सना बाड़ा ने राष्ट्रीय शिक्षा नीति(NEP) के कार्यान्वयन पर प्रकाश डालते हुए बताया कि केंद्रीय विद्यालय ने विभिन्न तरीकों से एनईपी -2020 को सफलतापूर्वक लागू किया है। एनईपी-2020 की सिफारिशों के अनुरूप, सभी केंद्रीय विद्यालयों में शैक्षणिक वर्ष 2022-23 से कक्षा 1 में प्रवेश की आयु को संशोधित कर 6 वर्ष कर दिया गया। केंद्रीय विद्यालय रामगढ़ कैंट एवं पतरातू में बालवाटिका-3 का एक खंड शुरू किया जा रहा है।