रांची। आइपीएस अधिकारी अनुराग गुप्ता को झारखंड का नया डीजीपी बनाया गया।इसके साथ साथ वह सीआईडी व एसीबी के डीजी का अतिरिक्त प्रभार भी संभालेंगे। नोटिफिकेशन जारी होने के बाद उन्होंने पदभार भी ग्रहण कर लिया। वहीं, राज्य के डीजीपी के पद पर पदस्थापित अजय कुमार सिंह को स्थांतरित करते हुए पुलिस हाउसिंग कॉरपोरेशन का प्रबंध निदेशक बनाया गया है। उन्हें दिल्ली झारखंड भवन की भी जिम्मेवारी दी गयी है। इससे संबंधित अधिसूचना गृह कारा एवं आपदा प्रबंधन विभाग ने जारी की।

आइपीएस अधिकारी प्रशांत सिंह का भी ट्रांसफर
वहीं, झारखंड पुलिस हाउसिंग कॉरपोरेशन के प्रबंध निदेशक के पद पर कार्यरत प्रशांत सिंह को स्थातंरण करते हुए संचार एवं तकनीकी सेवाएं रांची के पद पदस्थापित किया जाता है। सरकार के अपर सचिव शैलेश कुमार सिन्हा ने अधिसूचना जारी की।

कई महत्वपूर्ण पदों पर काम कर चुके हैं अनुराग गुप्ता
अनुराग गुप्ता अब तक केवल सीआइडी डीजी और एंटी करप्शन ब्यूरो के डीजी का पदभार संभाल रहे थे, लेकिन अब उन्हें झारखंड डीजीपी का अतिरिक्त प्रभार भी सौंपा गया है। बता दें कि आइपीएस अनुराग गुप्ता झारखंड पुलिस में कई महत्वपूर्ण पदों पर काम कर चुके हैं। वह कई जिलों के एसपी के तौर पर भी काम कर चुके हैं। इसके अलावा वह बोकारो रेंज के डीआइजी के पद पर भी रह चुके हैं। झारखंड पुलिस मुख्यालय में वे लंबे समय तक एडीजी स्पेशल ब्रांच के पद पर भी थे।

बीते साल अजय कुमार सिंह को बनाया गया था डीजीपी
बीते साल नीरज सिन्हा के सेवानिवृत्त होने के बाद 1989 बैच के आइपीएस अधिकारी अजय कुमार सिंह को झारखंड का नया डीजीपी बनाया गया था। वह इससे पहले एसीबी का डीजी और झारखंड पुलिस हाउसिंग कॉरपोरेशन लिमिटेड के अध्यक्ष का पदभार संभाल चुके हैं। इसके अलावा वह हजारीबाग, धनबाद समेत कई जिलों में बतौर एसपी अपनी सेवाएं दे चुके हैं। इसके अलावा वह बिहार के कई जिलों के एसपी रह चुके हैं।

Share.

Comments are closed.

Exit mobile version