रांची। राज्यसभा सांसद दीपक प्रकाश ने रांची-लोहरदगा ट्रेन में कांवरियों पर किये गये जानलेवा हमले की निंदा की। कहा कि रांची के पहाड़ी मंदिर में जलाभिषेक करने के बाद लोहरदगा ट्रेन से वापस जा रहे कांवरियों पर असामाजिक तत्वों के द्वारा नरकोपी, नकजुआ और आकासी स्टेशनों पर जानलेवा हमला और पथराव सोची-समझी साजिश का परिणाम है।
कांवरियों पर धारदार हथियारों से जानलेवा हमला और मारपीट की गयी। सावन के पवित्र मास में शिवभक्तों के ऊपर ऐसे कायराना हमले की जितनी भी भर्त्सना की जाये, कम है। यह कायराना हमला अक्षम्य और निंदनीय है। उन्होंने झारखंड सरकार से पूरे मामले का संज्ञान लेकर उचित कार्रवाई सुनिश्चित करने की मांग की।
श्री प्रकाश ने सरकार की जर्जर कानून व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए कहा कि आखिर झारखंड में हिंदुओं के हर तीज और त्योहारों में किसके संरक्षण में असामाजिक तत्व बाधा उत्पन्न करने की हिम्मत करते हैं। आखिर उनको कौन संरक्षण दे रहा है। भाजपा की सरकार बनते ही इन सब चीजों पर पूर्णत: रोक लग जायेगी।