दुमका: झारखंड के दुमका जिले से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां फर्जी पुलिस बनकर अवैध वसूली करने पहुंचे दो शातिर युवकों को ग्रामीणों ने रंगे हाथों दबोच लिया। मामला मसलिया थाना क्षेत्र के पाटनपुर गांव का है, जहां शनिवार को इन जालसाजों ने एक विधवा महिला के घर में घुसकर खुद को देवघर जिले के सारठ थाना की पुलिस बताया और रौब झाड़कर पैसे ऐंठने की कोशिश की।

बेटे की सूझबूझ से नाकाम हुई ठगी की साजिश

पीड़ित महिला के बेटे निरंजन गोराई को दोनों युवकों की हरकतों और बातचीत पर शक हो गया। बिना किसी हंगामे के निरंजन ने चालाकी से काम लिया और तुरंत इसकी सूचना मसलिया थाना पुलिस को दी। निरंजन ने बताया कि दोनों आरोपी एक चारपहिया वाहन से उनकी दुकान पर आए थे और खुद को सारठ थाने की पुलिस बताकर पूछताछ के नाम पर परिवार पर मानसिक दबाव बना रहे थे।

भागने की कोशिश की तो ग्रामीणों ने खंभे से बांधा

पुलिस को सूचना दिए जाने के बाद, जब आरोपियों को भनक लगी और उन्होंने भागने का प्रयास किया, तो स्थानीय ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए दोनों को घेर लिया। युवकों को मौके से भागने से रोकने के लिए ग्रामीणों ने उन्हें रस्सी से बिजली के खंभे में बांध दिया। इस बीच मसलिया थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों फर्जी पुलिसकर्मियों को ग्रामीणों के चंगुल से छुड़ाकर हिरासत में ले लिया।

मसलिया थाना पुलिस फिलहाल दोनों आरोपियों को थाने लाकर कड़ी पूछताछ कर रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की हर एंगल से तफ्तीश की जा रही है और कागजी प्रक्रिया पूरी होने के बाद दोनों के खिलाफ सुसंगत धाराओं में एफआईआर दर्ज कर जेल भेजा जाएगा। ग्रामीणों की इस बहादुरी और सूझबूझ की पूरे इलाके में चर्चा हो रही है।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version