तेहरान: ईरान के राष्ट्रपति हसन रूहानी ने अपने मंत्रिमंडल में किसी भी महिला को शामिल न करने पर हुई अलोचना के एक दिन बाद बुधवार को दो महिलाओं को उप राष्ट्रपति के रूप में नियुक्त किया। ईरान में उप राष्ट्रपतियों को राष्ट्रपति कार्यालय से संबद्ध विभागों की जिम्मेदारी दी जाती है।
बीबीसी के रिपोर्ट के अनुसार, मासूमा इब्तेकार को परिवार और महिला मामले और लाया जोनेयदी को कानून मामले का उप राष्ट्रपति नियुक्त किया गया है।
एक अन्य महिला शाहीनदोख्त मोवलावर्दी को नागरिक अधिकारों के लिए राष्ट्रपति का सहायक नियुक्त किया गया है।
रिपोर्ट में कहा गया है कि रूहानी के पूर्व के कार्यकाल में तीन महिला उपराष्ट्रपति नियुक्त हुई थीं। अभी भी उप राष्ट्रपति के कई पद रिक्त हैं।
मोवलावर्दी और इब्तेकार, दोनों रूहानी के पूर्व के कार्यकाल में उप राष्ट्रपति रह चुकी हैं।
रिपोर्ट में कहा गया है कि यह उम्मीद नहीं कि जाती है कि चुने गए मंत्रिमंडल को कोई चुनौती देगा क्योंकि इन पर ईरान के सर्वोच्च धर्मगुरु अयातुल्ला अली खामनेई की मुहर लगी होती है।
रूहानी मई में रूढ़ीवादी इब्राहिम रईसी को हराकर राष्ट्रपति बने थे। उन्होंने ईरान में नागरिक स्वतंत्रता को बेहतर बनाने और पश्चिम देशों के साथ संबंधों के पुनर्निर्माणका प्रण किया था।
उन्होंने फरवरी में ‘महिला, उत्थान और विकास’ विषय पर एक सम्मेलन में राजनीति और संस्कृति में महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने का आह्वान किया था।