लातेहार: मुख्यमंत्री रघुवर दास रविवार को लातेहार के सरयू गांव में थे। यहां उग्रवाद प्रभावित गांव में वे अपनी सरकार को लेकर जनता के दरवाजे पर गये थे। सीएम यहां खूब गरजे। उन्होंने नक्सलियों को ललकारा। कहा- बंदूक से कभी व्यवस्था नहीं बदल सकती। सिर्फ और सिर्फ विकास से बदलाव आ सकता है। उन्होंने नक्सलियों को चेताया कि अरविंद समेत तमाम नक्सली सरेंडर कर दें, वर्ना आसमान से मार गिरायेंगे। साथ ही कहा कि झारखंड भ्रष्टाचार और बिचौलिया मुक्त होगा।
सीएम ने कहा कि पंचायत स्तर पर भ्रष्टाचार एवं बिचौलियों की भूमिका को खत्म करनेके लिए ग्राम स्वराज के सपने को साकार किया जा रहा है। इसके लिए सरकार ने पंचायत स्वयं सेवकों की जवाबदेही तय करते हुए सभी पंचायत सचिवालयों में नियुक्ति की है।
उन्होंने कहा कि ग्रामीणों को प्रमाण पत्र तथा अन्य सेवाओं के लिए प्रखंड के चक्कर न लगाने पड़ें, इसके लिए पंचायत स्वयं सेवकों को यह जिम्मेदारी दी गयी है कि प्रत्येक ग्रामीण के घर तक प्रमाण पत्र सौंपें।
राज्य के विकास में पंचायत स्वयं सेवकों की भूमिका अहम
मुख्यमंत्री ने कहा कि झारखंड के विकास की जिम्मेदारी का निर्वहन करते हुए 16 हजार गांव के युवा पंचायत स्वयं सेवक के रूप में कार्य कर रहे हैं। पंचायत स्वयं सेवक ग्रामीणों की मदद करेंगे। उन्होंने कहा कि स्वयं सेवक प्रमाण पत्र के अलावा गांव के युवक युवतियों का चयन कौशल प्रशिक्षण के लिए करेंगे। सरकार की योजना हर पंचायत से 100 युवक युवती को हुनरमंद बनाकर रोजगार प्रदान करने की है। पंचायत स्वयं सेवकों को सहयोग के लिए पंचायत स्वशासन परिषद का गठन किया गया है, जो पंचायत स्वयं सेवकों के कार्यों की निगरानी करेगी।
2017 में नक्सल मुक्त होगा झारखंड
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरयू, गारू जैसे सुदूरवर्ती इलाकों में उग्रवाद पनपा। युवकों को व्यवस्था बदलने की बात कह बंदूक थमा दी गयी, लेकिन बंदूक से व्यवस्था नहीं बदलती, व्यवस्था लोकतांत्रिक पद्धति से बदलती है। व्यवस्था जनसहयोग से होनेवाले विकास से बदलती है। सरयू की जनता ने विकास का दामन थामा और सरयू को उग्रवाद मुक्त कर दिया। उन्होंने अपील की कि अब बचे हुए उग्रवादी सरकार की आत्मसमर्पण नीति से जुड़ कर मुख्यधारा में लौटें, अन्यथा पुलिस उन्हें ढूंढ़ कर समाप्त कर देगी। सीएम ने बताया कि उग्रवाद के खिलाफ राज्य सरकार कड़ा रुख अपनायेगी। 2017 तक झारखंड को उग्रवाद मुक्त राज्य घोषित करने का लक्ष्य तय किया गया है। नक्सल प्रभावित प्रखंडों में राज्य सरकार 500 सहायक पुलिस को नियुक्त करेगी, जिसमें स्थानीय युवक युवतियों को अवसर मिलेगा। उन्होंने कहा कि नेतरहाट-सरयू-लातेहार को जोड़ने वाले पथ के निर्माण के लिए सरकार ने 61 करोड़ रुपये की राशि का आवंटन किया है, बरसात के बाद पथ निर्माण की प्रक्रिया प्रारंभ हो जायेगी।
पंचायतों को सशक्त बनाया जा रहा है: सांसद
चतरा के सांसद सुनील कुमार सिंह ने केंद्र और राज्य की विकास योजनाओं पर प्रकाश डालते हुए कहा कि पंचायतों को सशक्त बनाने के लिए तथा लोगों के समग्र विकास की दिशा में काम किये जा रहे हैं। पंचायतें सशक्त होंगी तो रोजगार की संभावनाओं को बल मिलेगा साथ ही आर्थिक तरक्की के नये द्वार खुलेंगे।
मुख्यमंत्री रघुवर दास ने उच्च विद्यालय सरयू के मैट्रिक परीक्षा में सर्वश्रेष्ठ अंक लाने वाले छात्रों को प्रशस्ति पत्र, नव नियुक्त कनीय अभियंता एवं लेखा लिपिक सह कंप्यूटर आॅपरेटर, पंचायती राज और 26 स्थानीय ग्रामीणों को वन पट्टा सौंपा। कार्यक्रम के बाद मुख्यमंत्री ने सरयू स्थित सीआरपीएफ कैंप में पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण और संवर्धन के लिए ग्रामीणों को जागरूक किया। मुख्यमंत्री ने सोनुवा डैम तथा हेरहंज प्रखंड भवन के निर्माण की नींव भी रखी। कार्यक्रम में जिला समाज कल्याण, स्वच्छ भारत मिशन, कृषि पशुपालन, सर्व शिक्षा अभियान, सखी मंडल, स्वास्थ्य विभाग और अन्य विभागों द्वारा स्टाल लगाया गया था। कार्यक्रम में चतरा के सांसद सुनील कुमार सिंह, मनिका विधायक हरिकृष्ण सिंह, मुख्य सचिव राजबाला वर्मा, अपर मुख्य सचिव सह विकास आयुक्त अमित खरे, सचिव उद्योग विभाग सुनील कुमार वर्णवाल, सचिव पंचायती राज विभाग विनय कुमार चौबे सहित ग्रामीण उपस्थित थे।