ग्रेटर नोएडा। रक्षाबंधन पर रविवार को लुक्सर स्थित गौतमबुद्धनगर जिला जेल में कई पत्नियां खुद को बहन बताकर पतियों से मिलने पहुंच गईं। वर्षों से जेल में बंद पति ने जेल के पार्क में पत्नी को देखा तो खुद पर काबू नहीं रख सके और उन्हें बाहों में भर लिया। पत्नी को बाहों में भरते ही पोल खुल गई।
इसके बाद ऐसी महिलाओं को बाहर निकाला गया। इसके अलावा अपनों से मिलने के लिए रक्षाबंधन पर कई मुस्लिम महिलाएं भी भाइयों से मिलने के लिए राखी लेकर पहुंच गईं। जेल प्रशासन ने उनकी मुलाकात कराई।
जिला जेल में रविवार को रक्षाबंधन पर बंदियों से उनकी बहनों की खुली मुलाकात का प्रबंध किया गया था। जाली के बजाय जेल के अंदर खुले पार्क में मिलने की व्यवस्था की गई थी। सुरक्षा के लिहाज से 51 पुलिसकर्मी अतिरिक्त लगाए गए थे। देर शाम तक 2 हजार से अधिक महिलाएं जेल में बंद भाइयों को राखियां बांधने पहुंचीं। इनमें 100 से अधिक मुस्लिम महिलाओं ने जेल में पहुंचकर अपने भाइयों को राखी बांधकर रक्षाबंधन का त्योहार मनाया।