धनबाद। जिस विधायक के खासमखास को उतारा मौत के घाट, अब उन्हीं के साथ जेल में रहेगा कातिल मामा। जी हां! अपने दुश्मन झरिया विधायक संजीव सिंह के पास धनबाद जेल में कुख्यात नंद कुमार सिंह उर्फ मामा पहुंच गया है। मामा ने विधायक के खासमखास रंजय सिंह को 29 जनवरी, 2017 को गोली मार मौत के घाट उतार दिया था, तबसे पुलिस के साथ-साथ विधायक को मामा की तलाश थी। दो अगस्त, 2018 को आरा में मामा पुलिस के हत्थे चढ़ा था। मामा को आरा से लाकर पुलिस ने बुधवार को धनबाद कोर्ट में पेश किया। कोर्ट ने उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया।
धनबाद में हत्या की बहुचर्चित घटनाओं में रंजय सिंह भी शुमार रहा है। रंजय झरिया विधायक संजीव सिंह के दाहिने हाथ माने जाते थे। उसकी हत्या विधायक के सरायढेला स्थित घर के नजदीक ही गोली मार कर दी गयी थी, तबसे मामा की तलाश थी। इस बीच रंजय के हत्या के 51वां दिन 21 मार्च 2017 को सरायढेला में ही कांग्रेस नेता और पूर्व डिप्टी मेयर नीरज सिंह समेत चार लोगों की हत्या गोलियों से भून कर दी गयी। इस हत्याकांड को रंजय हत्याकांड का प्रतिशोध माना गया। इस हत्याकांड में पुलिस ने सत्ताधारी भाजपा के विधायक संजीव सिंह को जेल भेज दिया, तबसे संजीव धनबाद जेल में बंद हैं और अब उसी जेल में मामा भी बुधवार पहुंचा।
डरा-सहमा नजर आया कुख्यात मामा : नीरज सिंह हत्याकांड के एक दर्जन से ज्यादा नामजद अभियुक्तों के साथ धनबाद जेल में झरिया विधायक संजीव सिंह कैद है। इस हकीकत से वाकिफ मामा जेल जाने के दौरान डरा-सहमा नजर आया। संजीव समर्थक जेल में मामा की खबर ले सकते हैं। इस आशंका के मद्देनजर जेल में सुरक्षा की विशेष व्यवस्था की जा रही है।
पुलिस लेगी रिमांड पर : धनबाद पुलिस मामा को रिमांड पर लेने का मन पहले से बना चुकी है। कागजी प्रक्रिया भी इस दिशा में पूरी है। रंजय की हत्या में प्रयुक्त हथियार के साथ सहयोगी शूटर वासेपुर के जिस विक्की खान के बारे में मामा ने पुलिस को बताया है, उस नाम का कोई शख्स का सत्यापन नहीं हो पाया है। लिहाजा पुलिस अब मामा से ही विक्की व भैयाजी के बारे में पूछताछ करने का मन बनायी है। पुलिस मान रही है कि आरा में हुई पूछताछ में उसने झूठी कहानी सुनायी है। वह हत्या में शामिल अन्य लोगों को बचाना चाह रहा है, लेकिन पुलिस ऐसा नहीं होने देगी। हर हाल में हत्या में शामिल हर चेहरे से पर्दा हटेगा। हालांकि न्यायिक रिमांड पर पुलिस मामा पर थर्ड डिग्री का इस्तेमाल नहीं कर पायेगी। इसलिए वह मुंह खोलेगा और अपने साथियों का नाम बतायेगा,
इस पर संशय है।