रांची। राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव को सुरक्षा कारणों से रिम्स निदेशक के बंगले में शिफ्ट किये जाने को लेकर भाजपा नेताओं द्वारा की गयी टिप्पणी को कांग्रेस ने दुर्भाग्यपूर्ण बताया है। प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता आलोक कुमार दुबे, लाल किशोर नाथ शाहदेव एवं डा राजेश गुप्ता छोटू ने कहा कि लालू प्रसाद यादव एकीकृत बिहार में मुख्यमंत्री और केंद्र में मंत्री रह चुके हंै। सरकार की यह नैतिक जिम्मेवारी है कि वह हर किसी के स्वास्थ्य और सुरक्षा का ख्याल रखे। ऐसे में उन्हें यदि रिम्स के पेइंग वार्ड से शिफ्ट किया जा रहा है, तो भाजपा नेताओं के पेट में दर्द क्यों हो रहा है। कांग्रेस का चरित्र हमेशा अपने नेताओं का सम्मान करने का रहा है। सच तो यह है कि पूरी भाजपा और केंद्र की सरकार लालू यादव से अब भी खौफ खाती है, इसलिए घटिया बयानबाजी करती है।
कांग्रेस नेताओं ने भाजपा सांसद निशिकांत दुबे के भी उस बयान पर कड़ी नाराजगी जतायी है, जिसमें उन्होंने बाबा बैद्यनाथधाम और वासुकिनाथधाम मंदिर पर उच्चतम न्यायालय के आदेश को राज्य सरकार पर तमाचा बताया था। उन्होंने कहा कि उच्चतम न्यायालय की ओर से सिर्फ सरकार को कुछ सलाह दी गयी है। सच तो यह है कि पूरी राज्य की भाजपा और सांसद कोरोना काल में भी ओछी राजनीति कर रहे हैं।