देवघर। देवीपुर मुख्य बाजार के समीप रविवार की सुबह मकान मालिक सहित छह लोगों की मौत हो गयी। ब्रजेश चंद  बरनवाल ने नया सेप्टिक टैंक का निर्माण कराया था। रविवार सुबह मजदूर टंकी में लगे सेंट्रिंग खोलने के लिए उतरे। एक मजदूर पहले उतरा। काफी देर बाद जब वह बाहर नहीं निकला, तो उसे देखने के लिए दूसरा मजदूर भी नीचे उतरा। वह भी नहीं निकला। फिर मकान मालिक भी मजदूर को देखने अंदर गये। वह भी बाहर नहीं निकल पाये। उन्हें देखने उनका भाई भी नीचे गया। वह भी अंदर ही रह गया। इसी तरह एक के बाद एक कर कुल 6 लोग टंकी के अंदर समा गये। इसके बाद लोगों को घटना की जानकरी लगी तो तुरंत पुलिस को सूचना दी गयी। फिर अंदर फंसे लोगों को बाहर निकलने के लिए जेसीबी भी लायी गयी। जेसीबी की मदद से टंकी में फंसे लोगों को बेहोशी की हालत में बाहर निकाला गया। आनन -फानन में सभी लोगों को एंबुलेंस से लेकर सदर अस्पताल लाया गया। यहां जांच के दौरान चिकित्सक ने सभी को मृत घोषित कर दिया। घटना की जानकरी मिलते ही उपायुक्त कमलेश्वर प्रसाद सिंह सदर अस्पताल पहुंचे। उन्होंने पुलिस अधिकरी, परिजन एवं चिकित्सक से घटना की जानकरी ली। डीसी ने कहा कि यह दुखद हादसा है। सरकारी प्रावधान के अनुसार जो भी सरकारी सहायता होगी, मिलेगी।
तीन एक ही परिवार के
हादसे में मरने वालों में देवीपुर थाना क्षेत्र के कोल्हड़िया गांव निवासी 48 वर्षीय गोविंद मांझी और उनका पुत्र 26 वर्षीय बबलू मांझी एवं 24 वर्षीय लालू मांझी शामिल है। मकान मालिक 48 ब्रजेश चंद बरनवाल और उनका भाई 42 वर्षीय मिथलेश चंद बरनवाल सहित पिरहाकट्टा निवासी 27 वर्षीय लीलू मुर्मू शामिल हैं।

Share.

Comments are closed.

Exit mobile version