टोक्यो ओलिंपिक में शानदार प्रदर्शन के बाद बेसब्री से इंतजार कर रही रांची
टोक्यो ओलिंपिक में शानदार प्रदर्शन से देशवासियों का दिल जीतने वाली भारतीय महिला हॉकी टीम की खिलाड़ी सलीमा टेटे और निक्की प्रधान बुधवार को रांची लौटेंगी। दोपहर 12.45 बजे वे रांची स्थित बिरसा मुंडा एयरपोर्ट पहुंचेंगी। यहां उनका भव्य स्वागत होगा। इसके बाद मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन उनको सम्मानित करेंगे। झारखंड की इन दोनों खिलाड़ियों के स्वागत को लेकर खेलप्रेमी उस पल का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं। बता दें कि भारतीय महिला टीम की सदस्य निक्की प्रधान और सलीमा टेटे के साथ हॉकी झारखंड के अध्यक्ष भोलानाथ सिंह भी बुधवार को रांची पहुंचेंगे।
दिल्ली से सेवा विमान से रांची पहुंचने के बाद तीनों मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से मिलेंगे। मुख्यमंत्री झारखंड की दोनों बेटियों को सम्मानित करेंगे। हॉकी झारखंड के सीइओ रजनीश कुमार ने बताया इन तीनों के रांची आगमन पर जोरदार स्वागत किया जायेगा।